चेकिंग के दौरान बरखेड़ा पुलिस पर हमला करने के मामले में स्कार्पियो चालक के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसा गया है। पुलिस ने होमगार्ड की तहरीर पर कार नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है, जिसमें हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने की गंभीर धाराएं शामिल की गई हैं।
बता दें कि शनिवार को बरखेड़ा पुलिस ने सूचना के आधार पर थाना गेट पर बैरियर लगाकर स्कार्पियो कार को रोकने की कोशिश की थी। कार से पशु तस्करी होने की बात कही गई थी। कार रोककर चेकिंग के दौरान चालक ने होमगार्ड शंकरपाल का हाथ पकड़कर गाड़ी भगा दी। काफी दूर लटकने के बाद होमगार्ड गिरकर घायल हो गया। इस दौरान एसओ ओमहरि बाजपेई भी बाल बाल बचे थे। कार की तलाश में काफी मशक्कत की गई, लेकिन पुलिस असफल रही। घटना के बाद कार चालक पर कानूनी कार्रवाई की गई है। बरखेड़ा पुलिस ने घायल होमगार्ड से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया है। एसओ ओमहरि बाजपेई ने बताया कि कार नंबर के जरिए उसके चालक का पता लगाया जा रहा है। सरकारी कार्य मेें बाधा और चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर हमला कर चोट पहुंचाने की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।