गांव गजरौला खास के हरपाल हत्याकांड मामले में पुलिस ने हत्यारोपियों की निशादेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और डंडा बरामद करने का दावा किया है। पुलिस ने चारों आरोपियों का रविवार को कोर्ट के लिए चालान कर दिया।
गजरौला खास के हरपाल को शुक्रवार को सुबह उनके भतीजों ने बहनोई के साथ पीट कर और सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर अधमरा कर दिया था। जिला अस्पताल इलाज को ले जाते समय हरपाल की रास्ते में मौत हो गई थी। पुलिस ने हरपाल के बड़े पुत्र मैंकूलाल की ओर से गांव निवासी और उसके तैयरे भाई सियाराम, सुनील, ताई चमेली देवी और सियाराम के बहनोई गांव पिपरिया दुलई निवासी मुन्ना लाल के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था।
इंस्पेक्टर शक्ति सिंह ने बताया कि नामजद चारों हत्यारोपियों को रविवार को गिरफ्तार कर उनकी निशादेही पर गांव पजाबा मोड़ के समीप से झाड़ियों मेें छिपा कर रखा गया आला कत्ल कुल्हाड़ी और डंडा बरामद कर लिया गया। चारों आरोपियों का रविवार को कोर्ट के लिए चालान कर दिया गया। उन्होंने बताया कि मारपीट में आरोपियों को भी चोटें आना पाया गया है। इस पर चालान भेजने से पहले चारों आरोपियों की मेडिकल जांच भी कराई गई।