थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला नईबस्ती निवासी लकड़ी व्यापारी अजय कुमार कंसल के बंद मकान का ताला तोड़कर चोर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरातों सहित करीब तीन लाख रुपये का सामान ले गए। पीड़ित व्यापारी ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया।
मोहल्ला नईबस्ती निवासी अजय कुमार कंसल ने बताया कि वह और उनकी पत्नी ऊषा देवी शनिवार की सुबह बिजनौर एक रिश्तेदारी में वैवाहिक समारोह में शामिल होने गए थे। रविवार की सायं करीब सात बजे घर वापस लौटे तो मेन गेट का ताला पड़ा था। ताला खोलकर जब वह कमरा मुख्य दरवाजा खोल कर अंदर घुसे तो देखा की दूसरी तरफ के दरवाजे का कुंडा टूटा पड़ा था। आशंका होने पर जब वह अन्य कमरों की ओर गए तो देखा कमरों में रखा सामान बिखरा हुआ था। सेफ और ब्रीफकेस टूटी पड़ी थी। यह देख उनके होश उड़ गए। चोरी की सूचना पर तमाम लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।
गृहस्वामी अजय कुमार कंसल ने बताया कि चोर दीवार कूदकर बाउंड्री के अंदर घुसे हैं। उन्होंने बताया कि चोर उनके घर से करीब ढाई लाख के सोने-चांदी के जेवर सहित करीब तीन लाख रूपये का सामान बटोर ले गए। इंस्पेक्टर अतुल प्रधान ने बताया कि घटना की तहरीर मिली है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।