घर में चोरी करने का विरोध करना कांशीराम कॉलोनी (ट्रांसपोर्टनगर) निवासी बेवा 68 वर्षीय बिटाना देवी को महंगा पड़ गया। मोहल्ले के ही दूसरे समुदाय के आरोपियों ने बेवा और उसके बेटे की जमकर पिटाई कर दी। घटना के बाद से एक समुदाय के आरोपियों के खिलाफ लोगों में रोष व्याप्त है। बेवा की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उधर ग्राम बरहा में मारपीट की घटना में एक महिला घायल हो गई। सुनगढ़ी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर महिला का मेडिकल परीक्षण कराया है।
कांशीराम कॉलोनी (ट्रांसपोर्टनगर) निवासी बिटाना देवी ने बताया कि साल भर पहले उनके पति की बीमारी के चलते मौत हो गई। पुत्र सुबोध भी विकलांग है। कॉलोनी के ही दूसरे समुदाय के एक परिवार के लोग अक्सर उसके घर में आकर घर से सामान उठा ले जाते हैं। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करते हैं। आरोप है कि महीने भर पहले पुत्र सुबोध का मोबाइल भी घर से चोरी से उठा ले गए। जब उन्होंने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की। उसने आसाम चौकी पुलिस को घटना की तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट लिखना तो दूर मौके तक नहीं गई। गुरुवार को आरोपी उसके घर रखी लकड़ी उठाकर ले जा रहे थे। जब उसने विरोध किया तो उसे और उसके पुत्र को मारापीटा। बेवा महिला को आए दिन परेशान करने से कॉलोनीवसियों में दूसरे समुदाय के प्रति रोष है। प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि तहरीर की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उधर गांव बरहा में दीवार बनाने को लेकर कमला देवी का गांव के ही धर्मेंद्र से विवाद हो गया। इससे गुस्साए धर्मेंद्र ने अपने साथी सोनू, अजय व पूसे के साथ मिलकर महिला की पिटाई कर दी। सुनगढ़ी पुलिस ने महिला की तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घायल महिला को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा है।