कोर्ट में दिए बयानों में युवती ने लगाया आरोप
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
पखवाड़े भर पहले थाना क्षेत्र की एक युवती अपने मौसेरे बहनोई के साथ भाग कर नहीं गई थी, बल्कि आरोपी उसे अगवा कर रेप करता रहा। यह बात बरामद हुई युवती ने कोर्ट में दिए अपने बयान में कही है। मेडिकल रिपोर्ट में भी रेप की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे जेल भेज दिया।
थाना न्यूरिया क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने 16 मार्च को थाना न्यूरिया पर रिपोर्ट दर्ज कराई। दर्ज रिपोर्ट के अनुसार उसकी 20 वर्षीय पुत्री 11 मार्च 2016 को घर से न्यूरिया कॉलोनी स्थित रिश्तेदारी में जाने के लिए निकली थी, लेकिन वह देर शाम तक वहां नहीं पहुंची। तलाश के दौरान पता चला कि युवती का मौसेरा बहनोई गौरंग विश्वास उसे अगवा कर ले गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी थी।
एसओ दलवीर सिंह ने बताया कि तीन दिन पूर्व युवती को भरतपुर कॉलोनी से पुलिस ने बरामद कर अगले दिन मेडिकल उसका परीक्षण कराया और कोर्ट में पेश कर बयान कराए। उन्होंने बताया कि युवती ने अपने बयानों में आरोपी पर अगवा कर ले जाने और रेप करने का आरोप लगाया है। मेडिकल रिपोर्ट में भी दुराचार होने की पुष्टि हुई थी, जिस पर पुलिस ने दर्ज रिपोर्ट में रेप की धारा बढ़ाकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस ने आरोपी गौरंग विश्वास को सोमवार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे जेल भेज दिया।