पुलिस ने दो तस्कर भी गिरफ्तार किए, तीन भाग गए
पुलिस ने कार और बाइक से ले जाए जा रहे गौवंशीय पशुओं का साढ़े तीन क्विंटल मांस बरामद किया है। पुलिस ने मांस ले जा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि तीन आरोपी फरार हो गए।
पुलिस ने मंगलवार दोपहर चुर्रासकतपुर पुलिस चौकी के सामने से गुजर रही एक मारुति कार और एक बाइक को संदेह के आधार पर रोका। तलाशी लेने पर कार में रखे छह बैगों में तीन क्विंटल और बाइक पर लदे एक बैग में 50 किलो मांस बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों वाहन कब्जे में ले लिए हैं। इसी बीच दोनों वाहनों में सवार पांचों में से तीन युवक भाग गए। दो को गिरफ्तार कर लिया गया। थाना प्रभारी केपी सिंह ने बताया कि हलका दरोगा श्याम सिंह यादव की तहरीर पर गौवध अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इसमें गांव रसायाखानपुर निवासी अनीस, शरीफ, तसलीम, थाना बरखेड़ा क्षेत्र के कस्बा पौटा कलां निवासी मुईन और रफीक को नामजद किया गया है। गिरफ्तार किए गए पौटा निवासी मुईन और रफीक ने पुलिस को बताया कि वे यह मांस गांव रसायाखानपुर से लाए थे और बेचने के लिए बरेली ले जा रहे थे। डिप्टी सीवीओ डॉ. नरेंद्र सिंह ने बरामद मांस का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा।