मोहल्ला देशनगर निवासी नाजमा ने मोहल्ला मोहम्मद वासिल निवासी एक युवक पर बेटे मोहम्मद इम्तियाज को विदेश भेजने और वीजा दिलाने के नाम पर 1.10 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। महिला ने एसपी को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। एसपी ने शहर कोतवाल को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मोहल्ला देशनगर में थाली वाली मस्जिद के पास की रहने वाली 68 वर्षीय नाजमा ने बताया कि उसके दो बेटे है। एक साल पहले उन्होंने अपने बड़े पुत्र इम्तियाज को विदेश भेजने के लिए पासपोर्ट बनवाया था। इसी बीच इम्तियाज का मोहल्ला मोहम्मद वासिल निवासी दोस्त उनके घर पहुंचा और कहा कि उसने कई लोगों को वीजा दिलाकर विदेश भेजा है। वीजा और विदेश भेजने की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि उसकी जान पहचान मुंबई के दलालों से हैं। इसके लिए उसने एक लाख रुपये का खर्च बताया।
महिला का आरोप है कि उसकी बातों पर भरोसा कर उन्होंने कर्ज लेकर और घर में रखे जेवर आदि बेचकर 50 हजार रुपये एकत्र किए और आरोपी को दे दिए। रुपये लेने के बाद आरोपी उनके बेटे को मुंबई ले गया और कुछ लोगों से मिलाकर उसे वापस ले आया। 15 दिन बाद आरोपी ने वीजा लाने की बात कहकर 60 हजार रुपये और ले लिए। उसके बाद से वह उनके घर नहीं आया। जब वह आरोपी के घर गईं और वीजा मांगा तो आरोपी ने कहा कि अभी वीजा नहीं मिल पाया है।
इस पर उन्होंने पैसा वापस करने को कहा। आरोप है कि आज कल करते हुए टालता रहा। करीब 10 दिन पहले रुपये देने से साफ इंकार कर दिया। दोबारा रुपये मांगने पर जान से मार देने की धमदी दी। एसपी जवाहर ने शहर कोतवाल को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।