- पब्लिक ने पिटाई कर पुलिस को सौंपा था
मरीज की जेब साफ कर रहे एक जेबकतरे को जिला अस्पताल में लोगों ने पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई करने के बाद वहां मौजूद एक दरोगा को सौंप दिया। दरोगा के पिटाई करने के दौरान आरोपी वहां से भाग निकला।
गुरुवार को जिला अस्पताल की ओटीपी में काफी भीड़भाड़ थी। सुबह करीब साढ़े 10 बजे एक जेबकतरे ने वहां बैठे मरीज की जेब साफ करने का प्रयास किया, जिसे लोगों ने रंगेहाथ पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। पिटाई करने के बाद भीड़ ने वहां मौजूद दरोगा अरविंद कुमार भदौरिया को सौंप दिया और बेफ्रिक हो गई। कुछ देर बाद दरोगा ने उसे कोतवाली ले जाने के बजाय वहीं पीटना शुरू कर दिया। पिटाई के दौरान मौका पाकर आरोपी भाग निकला। हालांकि कुछ लोगों ने उसे दौड़कर पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। बता दें कि शहर कोतवाली पुलिस की लापरवाही से जिला अस्पताल में आए दिन जेब कटने की घटनाएं हो रहीं है। बावजूद इसके पुलिस लापरवाह बनी हुई है।