शादी का झांसा देकर किशोरी से तीन साल तक शारीरिक संबंध बनाने के बाद युवक शादी करने से मुकर गया। दबाव पड़ने पर वह शादी से इनकार करते हुए गांव छोड़कर भाग गया। पीड़ित किशोरी ने आरोपी के घरवालों से बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकल सका। इस पर उसने पुलिस को नामजद तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
थाना क्षेत्र की रहने वाली एक मजदूर की 17 वर्षीय किशोरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव के ही एक युवक से उसका तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा है। शादी का झांसा देकर आरोपी शारीरिक संबंध बनाता रहा। कई बार किशोरी ने शादी को लेकर बातचीत करनी चाही, लेकिन आरोपी ने टालमटोल शुरू कर दी। गांव के लोगों के बीच सुलह कराई गई। जिसके कुछ दिन बातचीत करने के बाद आरोपी ने दूरी बना ली। अब आरोपी गांव से चुपचाप कहीं चला गया है। इसकी जानकारी करने के लिए तीन दिन पहले पीड़िता आरोपी के घर पहुंची, लेकिन घरवालों ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। दोबारा आने पर मारने की धमकी देकर भगा दिया। पीड़ित किशोरी ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। एसओ जसपाल सिंह ग्वाल ने बताया कि किशोरी से तहरीर मिली है। आरोपी पक्ष को भी जानकारी के लिए बुलाया गया है। मामले में जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।