लापरवाही के चलते बिजली विभाग के संविदा कर्मचारी की करंट से मौत हो गई। बानगंज गांव में हाइटेंशन लाइन सुधारते वक्त अचानक सप्लाई चालू कर दी गई, जिससे वह करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर पहुंचे घरवालों ने एक कर्मचारी पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
गजरौला थाना क्षेत्र के बानगंज गांव के रहने वाले लेखराज का 34 वर्षीय पुत्र राजू बिजली विभाग में सकरिया उपकेंद्र पर संविदा कर्मचारी के तौर पर तैनात हैं। रविवार को बानगंज गांव में हाइटेंशन लाइन में फॉल्ट हो गया था, जिस पर वह सुधार करने आया। ग्रामीणों के अनुसार सुधार कार्य शुरू करने से पहले उसने उपकेंद्र से शट डाउन ले लिया। इसके बाद सुधार करने को चढ़ा ही था कि अचानक सप्लाई चालू कर दी गई, जिससे राजू करंट की चपेट में आ गया। झुलसने के बाद काफी दूर झटका खाकर गिरा। यह देख क्षेत्र में चीख पुकार मच गई। लोग युवक को बचाने दौड़े, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना मिलने पर घरवाले मौके पर पहुंच गए। इस दौरान करंट शुरू करने वाले कर्मचारी के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाया है।
हादसे मेें बिखर गई राजू की कच्ची गृहस्थी
राजू की संविदा कर्मचारी के पद पर तैनाती मिलने के बाद से वह सकरिया विद्युत उपकेंद्र पर ही रहता था। यहां विभाग की ओर से उसको एक कमरा रहने के लिए दे दिया गया था, जिसमें उसकी पत्नी नीलम और दो बेटी पांच वर्षीय प्रिया और दो साल की राशि उसी के साथ रहते हैं। परिवार के अन्य सदस्य गांव में ही रहते हैं। आज अपने ही गांव में बिजली सुधारने के लिए वह गया और उसकी दुखद हादसे में मौत हो गई, जिसने भी सुना उसकी आंखें नम हो गईं। अचानक करंट चालू करने की बात पर ग्रामीणों में आक्रोश भी दिखाई दिया। लोगों ने करंट चालू करने वाले कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उधर, गमगीन घर वालों को ढांढस बंधाने में जुटे रहे। पति की मौत की खबर मिलते ही नीलम का रो रोक र बुरा हाल है। दो मासूम बेटियों के सिर से पिता का साया उठ चुका है। अफसोस वह इसको अभी समझ भी नहीं सकती। विलाप के बीच कभी घबरा जाती, तो कभी मां के आंचल में छिपती। यह देख हर कोई हादसे को कोसता रहा। गुस्साए लोगों का आरोप यह भी रहा कि हादसे के घंटों बाद भी न तो पुलिस मौके पर आई, न ही कोई बिजली अधिकारी।
एक दिन पहले जहानाबाद में हुआ हादसा
वैसे तो लापरवाही के इस तरह के मामलों की फेहरिस्त लंबी है। हाल ही की बात करें तो एक दिन पहले शनिवार को जहानाबाद कस्बे में हादसा घटित हुआ था। यहां ट्रांसफार्मर में आई खराबी सुधारने गए गए प्राइवेट बिजली कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गया था, जिसको इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां भी आरोप था कि शट डाउन कराने के बाद अचानक बिजली सप्लाई चालू कर दी गई थी।
मृतक विभाग का संविदा कर्मचारी था। सुधार कार्य के दौरान करंट चालू करने को लेकर बरती गई लावरवाही की जांच उपखंड अधिकारी तृतीय पूरनपुर सौरभ भारद्वाज को जांच सौंपी गई है। मृतक के परिवारीजनों को मुआयवा दिलाने का भी हरसंभव प्रयास किया जमाएगा।
- लोकेंद्र बहादुर सिंह, एक्सईएन (विद्युत विभाग)