रेलवे के स्लीपर (कछुआ) चोरी कर ले जा रही डीसीएम का पुलिस ने पीछा किया। इस दौरान खराब होने पर चोर डीसीएम को छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने डीसीएम से 65 स्लीपर बरामद कर वाहन आरपीएफ को सौंप दिया है। आरपीएफ ने वाहन और स्लीपरों को कब्जे में लेकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
एसओ दुर्वेश मिश्र ने बताया मंगलवार तड़के मुखबिर ने सूचना दी कि कुछ लोग शाही और जहानाबाद रेलवे क्रासिंग के बीच छोटी लाइन के उखाड़े गए स्लीपर डीसीएम में भरकर कच्चे रास्ते से ले जा रहे हैं। सूचना पर शाही चौकी इंचार्ज हरदयाल ने वाहन का पीछा किया। इस पर चालक तेज रफ्तार से वाहन को लेकर भागने की कोशिश करने लगा। कुछ दूर आगे अचानक डीसीएम के पट्टे टूट गए। इस पर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर भाग निकला। उन्होंने बताया कि पुलिस ने वाहन से 65 स्लीपर बरामद किए। एसओ ने स्लीपर बरामद होने की सूचना आरपीएफ इंस्पेक्टर प्रणव कुमार को दी। जिस पर आरपीएफ भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्लीपर लदी डीसीएम आरपीएफ को सौैंप दी है। आरपीएफ इंस्पेक्टर प्रणव कुमार ने बताया कि आरपीएफ की ओर से अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।