पीलीभीत-ऐशबाग लाइन पर पूरनपुर-शाहगढ़ स्टेशन के बीच मानव रहित रेलवे क्रासिंग पर उस समय बड़ा हादसा होते बाल-बाल बच गया, जब रेलवे ट्रैक पर अचानक एक ट्रक आ गया। रुहेलखंड एक्सप्रेस के चालक को इमरजेंसी ब्रेक लगाने पड़े। इससे ट्रेन में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। मौके पर ट्रेन में मौजूद आरपीएफ स्कार्ट ने ट्रक को कब्जे मेें लिया है। वहीं ट्रेन के चालक व गार्ड ने पूरनपुर स्टेशन पर मेमो देकर इसकी सूचना दी।
घटना सोमवार सुबह करीब दस बजे की है। पीलीभीत से ऐशबाग को जाने वाली 15309 रुहेलखंड एक्सप्रेस पूरनपुर-शाहगढ़ स्टेशन के बीच एक मानव रहित रेलवे क्रासिंग 184 सी के समीप पहुंची थी कि क्रासिंग के रेलवे ट्रैक पर ट्रक खड़ी देखकर ट्रेन चालक और सामने से आ रही ट्रेन को देखकर ट्रक चालक के होश उड़ गए। आनन-फानन में जब तक चालक अपने ट्रक को रेलवे लाइन से हटाता। इससे पहले ट्रेन चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। इससे यात्रियों में हड़कंप मच गया।
गनीमत रही कि ट्रक तक पहुंचने से पहले ट्रेन रुक गई। इससे बड़ा हादसा होते-होते बच गया। ट्रेन में सवार आरपीएफ स्कार्ट ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। वहां करीब दो मिनट रुकने के बाद ट्रेन पूरनपुर को रवाना हुई। ट्रेन के पूरनपुर स्टेशन पर पहुंचने पर ट्रेन चालक और गार्ड ने स्टेशन मास्टर को घटना के संबंध में मेमो दिया।
0000
रुहेलखंड एक्सप्रेस के सामने मानव रहित रेलवे क्रासिंग पर अचानक ट्रक नंबर एचआर 37-6792 आ गया था। ट्रेन के गार्ड और चालक ने इसकी जानकारी मेमो देकर दी है। ट्रेन में सवार आरपीएफ के स्कार्ट ने ट्रक को कब्जे में लिया है।
- बृज मोहन गुप्ता, स्टेशन मास्टर, पूरनपुर