मोहल्ले में जमा लोगों की भीड़।
- फोटो : पीलीभीत, उत्तर प्रदेश
कस्बे के मोहल्ला हाथीखाना में कुछ लोगों ने बुधवार को एक सांड़ को लाठी डंडों से पीटकर और भाला प्रहार कर मार डाला। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
कस्बे के मोहल्ला हाथीखाना निवासी नीरज कुमार के दरवाजे पर बंधी गाय के पास बुधवार सुबह सांड़ पहुंच गया था। आरोप है कि नीरज ने अपने घरवालों की मदद से पहले तो सांड़ को खदेड़ने का प्रयास किया लेकिन सांड़ के न भागने पर इन लोगों ने लाठी, डंडो से उसे बुरी तरह पीटा और भाला प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इससे सांड़ की मौत हो गई। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या और पशु प्रेमी निरूपमा शर्मा ने थाने में मामले की तहरीर दी। थाना प्रभारी जितेंद्र यादव ने बताया कि निरूपमा की तहरीर पर मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मोहल्ला हाथीखाना निवासी नीरज कुमार, उसके भाई लल्ला को नामजद किया गया है। छह लोगों को अज्ञात बताया गया है। पुलिस ने नामजद आरोपी नीरज को गिरफ्तार कर लिया है। पशु चिकित्साधिकारी राघवेंद्र यादव ने सांड़ का पोस्टमार्टम किया।