थाना गजरौला क्षेत्र के एक गांव में किशोरी को छत से फेंककर उसकी बड़ी बहन को अगवा करने के मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस ने अगवा युवती को माला मोड़ से बरामद कर लिया जबकि उसका प्रेमी भाग निकला। पुलिस की माने तो युवती ने अपने बयानों में चुपके से घर से निकलकर प्रेमी ज्ञानस्वरूप के पास जाने और मंदिर में शादी करने की बात कही है।
थाना क्षेत्र के एक ग्रामीण का कहना था कि दो मई को पड़ोस में शादी थी। वह परिवार समेत शादी में गया था। उसकी 18 वर्षीय बड़ी बेटी अपनी 16 वर्षीय छोटी बहन के साथ छत पर सो रही थी। तभी गांव के तीन सगे भाई ज्ञानस्वरूप, शंकरलाल, रूपबसंत, राजेश कुमार व नरपत रात उसकी छत पर पहुंचे और बड़ी पुत्री को जबरन ले जाने लगे। छोटी बहन के विरोध करने पर उसे छत से नीचे फेंक दिया था।
पुलिस ने दूसरे दिन पांचों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। एसओ अशोक बुद्धप्रिय ने बताया कि अपह्त युवती को माला मोड़ से उस समय बरामद कर लिया गया, जब वह अपने प्रेमी के साथ वाहन का इंतजार कर रही थी। मौके से आरोपी भाग निकला। उन्होंने बताया कि किशोरी ने कहा कि उसका गांव के ही ज्ञानस्वरूप से प्रेम प्रसंग था। वह अपनी छोटी बहन के साथ छत पर लेटी हुई थी।
बताया कि पहले से सुनियोजित तरीके से वह रात करीब 12 बजे घर से चुपके से निकलकर जुमनियां मोड़ पहुंची। जहां से वह प्रेमी के साथ उसके बहनोई के घर गई। बाद में मंदिर में शादी रचा ली। युवती का आरोप है कि प्रेमसंबंधों की जानकारी उसके घर वालों को थी।
जिससे घर वाले उसे मारते-पीटते थे। दूसरी जगह विवाह करना चाहते थे। जिस पर उसने प्रेमी के साथ सादी रचा ली है। एसओ ने बताया की युवती का मेडिकल परीक्षण कराया गया। उसके मजिस्ट्रेट के सामने बयान कराए जाएंगे।