शहर के मोहल्ला निरंजनकुंज में नजूल की जमीन पर रखी होलिका उखाड़कर फेंके जाने से लोग भड़क उठे। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे मोहल्ले के लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची शहर कोतवाली पुलिस ने मामले को सुलझाने की बजाय यह कहकर आग में घी डालने का काम किया कि होलिका इस स्थान पर नहीं रखी जाएगी। इससे नाराज लोगों ने पुलिस के विरोध में नारेबाजी की।
मोहल्ला निरंजनकुंज कॉलोनी के लोगों का कहना है कि मोहल्ले की होलिका टेलीफोन एक्सचेंज के पीछे स्थित खाली पड़ी नजूल की भूमि कई सालों से जलती आई है। आरोप है कि रविवार की शाम करीब सवा सात बजे एक व्यक्ति ने जमीन पर अवैध कब्जा करने की नीयत से वहां रखी होलिका उखाड़कर फेंक दी। इसकी जानकारी जब मोहल्ले वालों को हुई तो उनमें रोष व्याप्त हो गया। सैकड़ों की संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और हंगामा शुरू कर दिया। हालात बिगड़ने पर किसी ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर शहर कोतवाल बीके गौतम भी मौके पर पहुंच गए। शहर कोतवाल ने लोगों को समझाने के बजाय यह कहकर आग में घी डालने का काम किया कि इस जमीन पर होलिका नहीं रखी जाएगी। इससे लोग भड़क उठे और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। लोगों के आक्रोश पर शहर कोतवाल बैक फुट पर आ गए और गुस्साए कॉलोनीवासियों को यह कहकर शांत कराया कि त्योहार रजिस्टर में होलिका का जो स्थान होगा। उसी स्थान पर होलिका रखी जाएगी। मोहल्ले वालों का आरोप है कि आरोपी पुलिस की शह पर सरकारी भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। बहरहाल, घटना के बाद से मोहल्ले में तनाव की स्थिति बनी हुई है। सैकड़ों की संख्या में पुरुष और महिलाओं की भीड़ मौके पर जमा है।
शहर कोतवाल मौके पर हैं। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- जितेंद्र कुमार शर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट