ट्रेन पर चढ़ते समय खीरी जिले के कसबा पलिया कलां निवासी अब्दुल करीम की पत्नी शाकिरा का थैला काटकर उचक्का उसमें रखा पर्स उड़ा ले गया। पर्स में हजारों रुपये के जेवरात थे। महिला के शोरशराबा करने पर लोगों ने उसकी तलाश की, लेकिन उचक्का हाथ नहीं लग सका। महिला करीब एक घंटा तक स्टेशन पर परेशान हाल घूमती रही। महिला ने परिवार वालों के साथ जीआरपी चौकी पहुंचकर घटना की तहरीर दी है।
घटना रेलवे स्टेशन पर अपराह्न करीब चार बजे 52221 पीलीभीत से ऐशबाग पैसेंजर ट्रेन में हुई। लखीमपुर खीरी के कस्बा पलिया के मोहल्ला रंगरेजान निवासी अब्दुल करीम की पत्नी शाकिरा ने बताया कि उसकी मझली पुत्री शवनूर की शादी कुछ दिन बाद है। शादी की रस्मों के लिए रविवार को मझले पुत्र अय्यूव अली, पुत्री कोहनूर, पुत्रवधू नूरी के साथ नगर में जेवरात की खरीददारी करने आई थी। रेलवे स्टेशन पर उचक्के ने उसका थैला काटकर उसमें रखा पर्स उड़ा दिया गया। थैला फटने की आहट पर उसने शोर-शराबा किया, लेकिन आरोपी इससे पहले ही खिसक चुका था। उन्होंने बताया कि पर्स में सोने के झुमके, टाप्स, तीन अंगूठी सोने की, चार चांदी की, छह जोड़ी चांदी की पायल, चांदी के सात सिक्के थे। महिला ने परिवारवालों के साथ जीआरपी चौकी पहुंचकर घटना की सूचना दी है। जीआरपी चौकी इंचार्ज ऋषिपाल ने घटना से अनभिज्ञता व्यक्त करते हुए बताया कि ऐसी किसी घटना की सूचना उन्हें नहीं मिली है।