चोरों ने बैंक आफ बड़ौदा (बॉब) की नगर शाखा की विंडो और स्ट्रांग रूम के बाहर के कक्ष के दो ताले तोड़कर चोरी का प्रयास किया। चोर स्ट्रांग रूम के ताले तोड़ने में कामयाब नहीं हो सके। बैंक में चोरी के प्रयास की सूचना पर आनन-फानन में इंस्पेक्टर शक्ति सिंह और सीओ राजेश्वर सिंह ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। डॉग स्क्वायड टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने बैंक शाखा प्रबंधक की ओर से चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
घटना की जानकारी शुक्रवार को सुबह करीब साढ़े आठ बजे बैंक शाखा में सफाई करने पहुंचे सफाई कर्मचारी मनोज को समीप के दुकानदारों ने दी। मनोज ने घटना की जानकारी शाखा प्रबंधक रविंद्र कुमार जैन और शाखा प्रबंधक ने सीओ राजेश्वर सिंह को दी। इंस्पेक्टर शक्ति सिंह और सीओ आननफानन में बैंक शाखा पहुंचे। निरीक्षण के बाद पाया गया कि चोरों ने बैंक शाखा के पूरब में खाली पड़े प्लाट से बैंक की विंडो का ग्रिल और दरवाजा तोड़कर बैंक में प्रवेश किया। चोरों ने शाखा के अंदर स्ट्रांग रूम के बाहर के कक्ष के दरवाजे के दो ताले तोड़ दिए। सूचना पर डॉग स्कायड टीम मौके पर पहुंची। खोजी कुत्ता घटना स्थल के बाद टूटी विंडो की ओर से गली में होते हुए पीलीभीत रोड पर स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप जाकर रुक गया।
शाखा मैनेजर रविंद्र कुमार जैन ने बताया कि चोर शाखा से कुछ नहीं ले जा पाए। इंस्पेक्टर शक्ति सिंह ने बताया कि शाखा प्रबंधक की ओर से अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीओ राजेश्वर सिंह ने शीघ्र घटना का खुलासा करने के निर्देश इंस्पेक्टर को दिए हैं।
घटनाओं के बाद भी नहीं लिया गया सबक
बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा मेें करीब तीन साल पहले भी चोर दो बार विंडो का वेंटीलेटर तोड़कर बैंक में प्रवेश कर चोरी का प्रयास कर चुके हैं। उस दौरान चोर बैंक का एसी चुरा ले गए थे।
इसके बाद बैंक के विंडो के वेंटीलेटर तो सीलिंग लगने से बंद हो गए, लेकिन दो बार हुई घटनाओं के बाद भी बैंक अफसरों ने घटना से सबक नहीं लिया और जर्जर विंडों को ठीक नहीं कराया।
यूपीएस डाउन होने से बंद हो गए थे कैमरे
पूरनपुर। बैंक शाखा में सीसी टीवी कैमरे लगे हैं। शाखा प्रबंधक ने बताया कि रात को बैंक शाखा बंद करने पर लाइटें बंद कर दी जाती हैं, लेकिन सीसी टीवी कैमरे खुले रहते हैं। उन्होंने बताया कि यूपीएस का बैट्री बैकअप ठीक न होने से कैमरे पिछले कई दिनों से शाखा बंद होने के कुछ देर बाद ही बंद हो जाते हैं।
पवन मोबाइल होती सक्रिय तब बच सकती थी घटना
रात में पुलिस गश्त के अलावा पुलिस की पवन मोबाइल की ड्यूटी रहती है। पवन मोबाइल नगर में चक्कर मारने के बाद अक्सर बैंक ऑफ बड़ौदा के समीप रहती है। अगर बीती रात भी पुलिस की पवन मोबाइल सक्रिय होती तो घटना को टाला जा सकता था। इंस्पेक्टर शक्ति सिंह ने बताया कि पूरी रात गश्त हुई है। सुबह करीब चार बजे वे राउंड से लौटे थे। बैंक के पास पवन मोबाइल साढ़े तीन बजे मिली थी।
नहीं हुआ लेनदेन, बैरंग हुए ग्राहक
पूरनपुर। घटना के बाद शुक्रवार को बैंक ऑफ बड़ौदा में लेनदेन नहीं हुआ। पुलिस जांच को लेकर पहले घंटों तक शाखा का मुख्य गेट बंद रहा। इसके बाद शाखा में घटना की जानकारी देकर लेनदेन को पहुंचे ग्राहकों को लौटा दिया गया। शाखा प्रबंधक आरके जैन ने बताया कि घटना की वजह से लेनदेन प्रभावित हुआ।