गांव भसूड़ा और रेलवे
क्रासिंग के बीच एक नाले में रविवार की सुबह थाना बरखेड़ा के गांव
नगरियाफिजा निवासी 40 वर्षीय रामपाल वर्मा और उसकी पत्नी नन्ही देवी का शव
बरामद हुआ। दोनों बाइक से शनिवार की शाम रिश्तेदारी में नवदिया जा रहे थे।
पुलिस का कहना है कि दंपति की मौत बाइक के पेड़ से टकराने से हुई है।
जबकि
बाइक क्षतिग्रस्त अवस्था में नहीं मिली है। साथ ही नन्ही देवी के शरीर से
गहने गायब होने से लूट के बाद हत्या की आशंका आसपास लोगों ने जताई है।
परिवार वाले भी दंपति की हत्या होने की आशंका जता रहे हैं। पुलिस ने दोनों
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एएसपी ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल
का निरीक्षण किया है।
गांव नगरियाफिजा निवासी देवदत्त वर्मा के मुताबिक
उनके बड़े भाई रामपाल वर्मा अपनी पत्नी नन्ही देवी को बाइक से लेकर शनिवार
की शाम करीब 7:45 बजे गांव नवदिया सितारगंज निवासी अपने एक रिश्तेदार के
घर जा रहे थे। रविवार की सुबह किसी ने गांव के कोटेदार को शव पड़े होने की
सूचना दी थी। सूचना पर जब वह लोग मौके पर पहुंचे तो बाइक सड़क किनारे पेड़
के पास खड़ी थी। दोनों शव दो मीटर दूर एक नाले में पड़े थे।
शवों पर
चोट आदि के कोई निशान नहीं थे। उसकी भाभी के कुंडल, पायल आदि जेवर गायब थे।
बाइक भी सही सलामत खड़ी थी। दंपति के शव पड़े होने की सूचना पर एएसपी
सुधीर कुमार सिंह, सीओ सुवेग सिंह सिद्धू प्रभारी कोतवाल के साथ मौके पर
पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया।
एएसपी और प्रभारी कोतवाल भी सड़क
दुर्घटना में मौत होने की बात कह रहे हैं। जबकि घरवालों को आशंका है कि
बदमाशों ने लूटपाट के बाद भाई और भाभी की हत्या कर दी है। मौके पर मौजूद
कुछ लोग मृतका के गला साड़ी के पल्लू से कसा होना भी बता रहे थे।
000
प्रथम
दृष्टया बाइक पेड़ से टकराने पर हादसे में मौत होना प्रतीत हो रही है।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत
की वजह साफ होगी।
- सुवेग सिंह सिद्धू, सीओ
शव पर खरोंच तक नहीं
पुलिस कह रही दुर्घटना हुआ है
पीलीभीत।
रविवार को गांव नगरियाफिजा निवासी दंपति के शव जहां पड़े थे, उस स्थान से
बाइक दो मीटर दूर पेड़ के पास खड़ी मिली। पेड़ और बाइक पर कोई खरोंच के
निशान तक नहीं पाए गए। इसके बाद भी मौके पर पहुंची पुलिस के पास ऐसा कौन सा
चश्मा था, जिससे पुलिस को बाइक के पेड़ से टकराने पर हुई मौत दिखाई पड़
गई। पुलिस के हादसे में हुई मौत के इस दावों से लोग हैरत में हैं। जबकि
महिला के शरीर पर पहने हुए जेवर भी गायब मिले।
घटना स्थल पर यदि नजर
डाले तो जिस स्थान पर बाइक खड़ी थी, उससे करीब दो मीटर दूर नाले में पति का
शव सीधा पड़ा था। पति के घुटनों के ऊपर उसकी पत्नी नन्ही देवी का शव औंधे
मुंह पड़ा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने महिला के गले में उसकी पहनी हुई साड़ी
का फंदा लगा भी देखा। उसके पति के कपड़े फटे थे। इसके अलावा दोनों शवों पर
कोई चोट के निशान नहीं थे।
मौके पर मौजूद तमाम परिस्थितिजन्य साक्ष्य
हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं, लेकिन पुलिस हत्या की बात से इंकार कर रही
है। उसका कहना है कि दंपति की मौत बाइक के पेड़ से टकराने से सिर में आई
गुम चोट से हुई है।
क्यों उठ रहे सवाल
तेज रफ्तार बाइक जब पेड़ से टकराई तो गाड़ी का कुछ पार्ट्स तो क्षतिग्रस्त मिलना चाहिए था। मगर बाइक पेड़ के पास खड़ी मिली।
दंपति
के सिर अगर किसी चीज से टकराए तो दोनों घटना स्थल से दो मीटर दूर नाले तक
में कैसे पहुंच गए। जबकि किसी के सिर और शरीर पर खरोंच भी नहीं देखा गया।