सदर सीट से टिकट मांगने पर पूर्व ब्लाक प्रमुख को धमकी देने का मामला
सदर सीट से टिकट मांगने पर जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाने वाले भाजपा नेता सत्यपाल गंगवार रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद कार्रवाई के लिए आगे नहीं आ रहे हैं। कई बार बुलाने के बाद भी वह पुलिस के पास नहीं पहुंचे इसकी वजह से कार्रवाई अधर में हैं। वहीं फोन पर भाजपा नेता की ओर से धमकी देने वाले से सुलह कराए जाने की बात कहकर मामले को टाल दिया गया है।
बल्लभ नगर कालोनी निवासी पूर्व ब्लाक प्रमुख सत्यपाल गंगवार ने पिछले दिनों सुनगढ़ी पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि उनके मोबाइल पर किसी ने कॉल कर सदर सीट से भाजपा का टिकट मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। इसके बाद जब पुलिस आईडी के आधार पर धमकी देने वाले तक पहुंच गई, तो भाजपा नेता कार्रवाई से इंकार कर रहे हैं। इंस्पेक्टर हरगोविंद सिंह ने बताया कि भाजपा नेता से फोन पर संपर्क हुआ तो उन्होंने बताया कि आरोपी ने उनके घर आकर माफी मांग ली है। इसके बाद अब वह कार्रवाई नहीं करना चाहते हैं। ऐसे में अग्रिम कार्रवाई के लिए उनको थाने बुलाया गया, लेकिन वह नहीं आए। इसकी वजह से यह प्रकरण लटका हुआ है।