शहर के ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में हुई वारदात
ड्रमंड कॉलेज में सोमवार रात नशे की हालत में पहुंचे युवक वहां बैठकर शराब पीने लगे। चौकीदारों ने मना किया तो गालीगलौज करते हुए उनकी पिटाई कर दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी धमकी देकर भाग गए।
गांधी स्टेडियम रोड स्थित ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में कई दिनों से एकता नगर कॉलोनी का एक युवक अपने साथियों को लेकर पहुंचता है और वहां गुंडई करता है। सोमवार रात यह युवक अपनेे चार साथियों को लेकर कॉलेज में पहुंचा और अपने दोस्तों से साथ वहीं बैठकर शराब पीने लगा। चौकीदार रवि और दिनेश ने मना किया तो युवक चौकीदारों से झगड़ने लगे। हंगामा बढ़ता देख चौकीदारों ने कॉलेज के प्रधानाचार्य और पुलिस को सूचना दे दी। इस बीच युवकों ने चौकीदारों की पिटाई कर दी। ठेका चौकी पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी भाग गए। पुलिस ने जानकारी करने के बाद आसपास इलाके में आरोपियों उनकी तलाश की, लेकिन वे हाथ नहीं आए। चौकी प्रभारी रनजीत सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर युवकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।