थाना बरखेड़ा और बीसलपुर में भी चोरों ने उत्पात मचाया। बरखेड़ा के गांव ज्योरहाकल्याणपुर के एक घर का ताला तोड़कर करीब एक लाख का सामान चोर बटोर ले गए। बीसलपुर में छह खोखों का भी ताला तोड़ दिया और हजारों का सामान चोरी कर ले गए।
ज्योरहा कल्यानपुर में ताला तोड़कर घर से उड़ाया माल
बरखेड़ा। ग्राम ज्योरहकल्यापुर निवासी ओमप्रकाश ने बताया कि वह बरखेड़ा चीनी मिल में एक ठेके में मजदूरी करता है। शुक्रवार की शाम घर में ताला डालकर वह ड्यूटी करने चला गया। रात में चोरों ने ताला तोड़ दिया और घर में रखे पांच हजार रूपये, एक चेन, एक अंगूठी, एक जोड़ी झुमकी सहित करीब एक लाख का सामान बटोर ले गए। सुबह ड्यूटी से वापस लौटने पर घटना की जानकारी हुई। सूचना पर चौकी जिरौनियां इंचार्ज एमएस बिष्ट मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने तहरीर देने के बाद भी घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
चोरों ने छह खोखों के चटकाए ताले
बीसलपुर। शुक्रवार की रात चोरों ने मेला मैदान में मोहल्ला दुर्गा प्रसाद निवासी मुकंदी लाल, रज्जन बबलू, अन्नू, संदीप कुमार और कल्लू राम के चाय, पान मसाला और पान के खोखों के ताले तोड़ दिए और नगदी समेत करीब 15 हजार रूपये का सामान चोरी कर ले गए। चोरों ने मेला मैदान में स्थित अयोध्या भवन का भी ताला तोड़ा, लेकिन कुछ ले नहीं जा पाए। खोखा मालिकों ने कोतवाली में तहरीर दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। नगर पुलिस चौकी प्रभारी रामनाथ यादव ने बताया की घटनाओं की जांच की जा रही है।
पशुशाला से एक जोड़ी भैंसा चोरी
गजरौला। गांव लालपुर निवासी राकेश ने बताया कि घर के पास बनी पशुशाला में शुक्रवार की शाम घुसे चोर वहां बंधे एक जोड़ी भैंसा चोरी कर ले गए। पशुओं के चोरी होने की जानकारी रात करीब 10.30 बजे तब हुई, जब उनका भाई शंकर पशुओं को चारा डालने के लिए उठा तो देखा पशु गायब थे। उन्होंने घटना की तहरीर जरा चौकी पुलिस को दी है।