-दुकान के पास से उठा ले गए थे दो युवक, रिपोर्ट दर्ज
-परिवार ने रंजिश से किया इंकार, छानबीन में जुटी पुलिस
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व नगर अध्यक्ष अनिल राठौर के 15 वर्षीय बेटे विवेक को रविवार देर शाम अगवा करने की कोशिश की गई। पिता की दुकान के पास टहलते वक्त किशोर को बाइक सवार दो युवक उठाकर मां यशवंतरी देवी मंदिर ले गए। एक आरोपी के पानी लेने जाने पर किशोर हाथ छुड़ाकर भाग निकला और घर पहुंचकर परिवार वालों को पूरी घटना बताई। दूसरे दिन पिता से मिली तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कोतवाली पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
मोहल्ला मोहम्मद वासिल निवासी अनिल राठौर की किराना की दुकान है। उनका 15 वर्षीय पुत्र विवेक आदर्श इंटर कॉलेज में कक्षा नौ का छात्र है। रविवार देर शाम साढ़े आठ बजे विवेक पिता की दुकान के पास टहल रहा था। आरोप है कि इस बीच बाइक सवार दो युवक आए और मुंह पर कपड़ा रखकर किशोर को अगवा कर मां यशवंतरी देवी मंदिर के पिछले हिस्से में ले गए। यहां दोनों एक कार मंगाने की बात करने लगे। इस बीच एक युवक के पानी लेने जाते ही विवेक ने हिम्मत दिखाई और हाथ छुटाकर भाग निकला। उधर देर होने पर परिवार वाले भी लापता हुए विवेक को तलाशने में जुटे थे। मोहल्ले के पास ही किशोर भागता हुआ परिवार के पास पहुंचा और अपने साथ हुई घटना को बताया। बेटे के अपहरण की बात सामने आने पर परिवार वालों के होश उड़ गए। उसको घर ले जाकर पूरे मामले की जानकारी जुटाई। दूसरे दिन सोमवार को पिता ने तहरीर देकर कोतवाली पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पिता अनिल राठौर ने किसी तरह की रंजिश होने से साफ इंकार किया है। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी नई उम्र के और मुंह पर कपड़ा बांधे हुए थे।
तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की बाइक को लेकर क्लू परिवार वालों की ओर से दिया गया है। उसी के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। मामले की छानबीन कराई जा रही है।
-एसके सिंह, कोतवाल