जालसाज ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर एक युवक से उसके एटीएम कार्ड का कोड पूछ लिया। युवक के बैंक खाते से तीस हजार रुपये निकाल लिए। उसे इसकी जानकारी तब हुई जब उसके मोबाइल पर मैसेज पहुंचा। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला तुलाराम निवासी राजीव शुक्ला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह स्टेशन रोड स्थित एक कपड़े की दुकान में काम करते है। उनका बैंक खाता पंजाब नेशनल बैंक की गीता मंदिर रोड स्थित शाखा में है। एक दिसंबर को उनके मोबाइल पर अंकित वर्मा नामक एक युवक ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर फोन किया। खाता बंद होने की जानकारी देकर एटीएम कोड पूछ लिया। इसके बाद पीड़ित के खाते से तीस हजार रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर खाते से रुपये निकलने का मैसेज मिलने पर पीड़ित के होश उड़ गए। बैंक जाकर उसने मामले की जानकारी की। तब उसे खाते से रकम निकाले जाने का पता लगा। पीड़ित ने अपने साथ हुई वारदात की तहरीर सुनगढ़ी पुलिस को देकर न्याय की गुहार लगाई। इंस्पेक्टर योगेंद्र पाल शर्मा ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।