बीसलपुर रोड पर केशवपुर नहर पुलिया के निकट गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे घायल हुए थाना बरखेड़ा के गांव जारकल्लिया निवासी बाइक चालक 60 वर्षीय रामप्रसाद को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उधर बरेली ललौरीखेड़ा के पास एक बैरियर पर मजदूर गांव शाही निवासी 40 वर्षीय ओमकार सक्सेना को कोयला भरे ट्रक ने कुचल दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। बरखेड़ा पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लिया है। जबकि चालक फरार हो गया।
दोनों दुर्घटनाएं शुक्रवार की देर शाम को हुईं। पहला हादसा बीसलपुर हाइवे पर हुआ। पुलिस के मुताबिक गांव जारकल्लिया निवासी रामप्रसाद अपनी बाइक से गांव पौटाकलां से घर वापस लौट रहे थे। केशवपुर नहर पुलिया के पास सामने से आ रही गन्ना भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी।
जिससे वह घायल हो गए। पुलिस ने जिला अस्पताल लाई, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतक किसान मजदूर संगठन के मरौरी ब्लॉक अध्यक्ष थे। उधर बरेली हाइवे पर ललौरीखेड़ा के निकट वाहनों से वसूली के लगाए गए एक बैरियर पर काम कर रहे थाना जहॉनाबाद के गांव शाही निवासी मजदूर 40 वर्षीय ओमकार को कोयले से भरे ट्रक ने कुचल दिया। जिस पर तैनात अन्य कर्मचारी उसे जिला अस्पताल लाए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद बैरियर के कर्मचारी तंबू और बैरियर उखाड़कर फरार हो गए। मृतक के बड़े भाई वेदपाल ने बताया कि ओमकार बैरियर पर वाहनों को रोककर जिला पंचायत का टेक्स वसूल करता था। इसकी एवज में ठेकेदार उसे 100 प्रतिदिन के हिसाब से मजदूरी देते थे।
पति की मौत से सुद्बुध खो बैठी सोमवती
सड़क हादसे में मारे गया ओमकार काफी गरीब है। वह प्लास्टिक की पॉलीथीन डालकर परिवार के साथ गुजर बसर कर रहा था। उसके एक पुत्र 18 वर्षीय सूरजपाल व दो पुत्रियां 16 वर्षीय रेशमा व 13 वर्षीय किरन है। मृतक के भाई वेदपाल ने बताया कि भाई की मौत की खबर रात करीब 11 बजे गांव के ही एक व्यक्ति ने उन्हें दी थी। खबर मिलते ही भाई की पत्नी सोमवती सुद्बुध खो बैठी। वह पोस्टमार्टम हाउस पर बैठी बहकी बातें कर रही थी।