मौके पर मौजूद लोगों ने बाहर निकाला, कराया जिला अस्पताल में भर्ती
मारूति वैन सवार तीन अज्ञात पर आरोप, पुलिस जांच में जुटी
सवारी का इंतजार कर रहे कक्षा नौ के छात्र को मारुति वैन में सवार होकर आए तीन युवकों ने अगवा कर लिया। इसके बाद ढाई सौ मीटर दूर अप्सरा नदी में फेंक दिया। छात्र के चीखने चिल्लाने पर नहर के किनारे मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने छात्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जहानाबाद थाना क्षेत्र के हुसैननगर निवासी हुलासीराम खेती करते हैं। उनका बेटा रविराज (18) अमरिया के गुरु तेगबहादु इंटर कॉलेज में कक्षा नौ का छात्र है। परिवारीजनों के अनुसार सोमवार सुबह आठ बजे वह घर से स्कूल जाने के लिए निकला। इसके बाद बिसेन भट्ठे के पास सवारी का इंतजार कर रहा था। इस बीच मारुति वैन में सवार तीन लोग उसके पास रुके और जहानाबाद कस्बे का रास्ता पूछने लगे। छात्र के बातचीत के दौरान करीब पहुंचते ही तीनों ने उसको पकड़कर मारुति वैन में डालकर अगवा कर लिया। छात्र शोर न मचा सके, इसके लिए मुंह पर कपड़ा लगा दिया। करीब ढाई सौ मीटर दूर आगे आने के बाद वैन सवार बदमाशों ने छात्र को अप्सरा नदी में फेंक दिया और भाग गए। छात्र के नदी में गिरने के बाद चीखने चिल्लाने पर मौके पर मौजूद लोगों ने उसको बाहर निकाला। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जिस पर सीओ सदर योगेंद्र कुमार, एसएचओ रविंद्र वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। छात्र को सीएचसी भर्ती कराया गया। कुछ ही देर में जानकारी लगने पर परिवार के लोग भी आ गए। पुलिस ने छात्र से मामले की जानकारी जुटाई। इसके बाद उसको सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घटना के पीछे के कारणों को लेकर परिवारीजन भी कुछ नहीं बता पा रहे हैं। किसी तरह की रंजिश से भी इनकार किया। एसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि मारुति वैन सवार तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ थाना पुलिस को तहरीर दी गई है। घटना की छानबीन कराई जा रही है। अभी अपहरण को लेकर स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो सकी है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।