गांव पंसोली के एक नये मकान में सामूहिक रूप से तरावीह की नमाज पढ़ने पर दूसरे समुदाय द्वारा उसे नई परंपरा डालने की कोशिश बताते हुए विरोध किए जाने के बाद से वहां व्याप्त तनाव को देखते हुए पुलिस ने सख्ती की है। एक पक्ष के करीब दो दर्जन लोगों को मुचलका पाबंद किया गया है। इसके अलावा गांव में ऐहतियात के तौर पर दूसरे दिन भी पुलिस बल की तैनाती रही।
बतादें कि सोमवार रात को तरावीह की नमाज पुराने स्थान के बजाए एक नये स्थान पर पढने को लोग जमा हो गए थे। इसका पता लगते ही गांव के दूसरे पक्ष ने विरोध शुरू कर दिया था। इसे नई परंपरा बताकर शिकायत पुलिस से की गई। कुछ ही देर में सीओ जहानाबाद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और मामले का निस्तारण कराया था। हालांकि इसके बाद दोनों ओर से भिन्न-भिन्न प्रतिक्रियाएं सामने आ रही थीं। शरारती तत्व विवाद को हवा न दे दें, इसको लेकर प्रशासन अलर्ट हुआ। मौके पर पुलिस और पीएसी की तैनाती कर दोनों पक्षों से बातचीत की गई। जिसमें विवाद का निस्तारण भी करा दिया गया है। इसके अलावा नई परंपरा डालने की कोशिश करने वालों को चिन्हित कर जहानाबाद पुलिस ने एक पक्ष के 24 लोगों को मुचलका पाबंद किया है, ताकि दुबारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश न की जा सके। दोनों पक्षों के संभ्रांत लोगों से बातचीत की गई। जिसके बाद प्रशासन ने पुराने स्थान पर ही तरावीह की नमाज पढ़ने की बात कही, जिसको गांव के लोगों ने स्वीकार कर लिया। समय रहते हुई कार्रवाई को लेकर गांव का माहौल पूरी तरह से लगभग शांत हो गया है, लेकिन ऐहतियात के तौर पर बुधवार को भी सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था के दृष्टिकोण से गांव में पुलिस बल की तैनाती रही। बता दें कि पीस कमेटी की बैठक में भी यह मुददा अफसरों के सामने आया था। इसमें भी अधिकारियों ने परंपरागत तरीके से नमाज पढ़ने की बात कही थी। विवाद को देखते हुए पुलिस ने पहले भी दोनों पक्षों के लोगों पर मुचलका पाबंद कार्रवाई की थी।
माहौल पूरी तरह से शांत है। किसी तरह की नई परंपरा अपनाने नहीं दी जाएगी। गांव के दोनों पक्षों ने भाईचारे का परिचय दिया है। माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले लोगों को चिन्हित कर पुलिस ने मुचलका पाबंद कार्रवाई की है।
- जगतराम जोशी, सीओ जहानाबाद