पहले किया दुष्कर्म, अब निकाह से मुकरे
युवती ने पुलिस को दी नामजद तहरीर, कार्रवाई की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
बीसलपुर। नगर की एक युवती को पहले प्रेमजाल में फंसाकर युवक ने कई बार शारीरिक संबंध बनाए। कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए निकाह की तारीख तक तय कर दी। अब दहेज की मांग कर रिश्ता तोड़ दिया गया। पीड़िता ने संगीन आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
लुलिस को दी तहरीर में पीड़िता ने बताया कि मोहल्ले के एक युवक ने उसको प्रेमजाल में फंसा लिया। एक साल में निकाह का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। निकाह का दबाव बनाने पर पहले आरोपी ने इनकार कर दिया। इसको लेकर कुछ दिन पहले पंचायत हुई। कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए आरोपी और उसके परिवारीजनों ने 19 अक्तूबर को निकाह करने की बात तय कर दी। इसको लेकर शुक्रवार 19 अक्तूबर को युवती के परिवारीजन निकाह की तैयारी करते रहे। आरोप है कि अब लड़के और उसके परिवारीजनों ने कार व तीन लाख रुपये की मांग कर डाली। मांग पूरी करने में असमर्थता जताने पर आरोपियों ने निकाह से इनकार कर दिया है। कोतवाल माधो सिंह विष्ट ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।