खेकड़ा (बागपत)।
जिला जज, जिलाधिकारी और एसपी ने ग्राम अब्दुलपुर स्थित जिला जेल का निरीक्षण कर बंदियों की समस्याएं भी सुनीं। इस दौरान कई बंदियों ने बीमारी का समय पर सही उपचार कराने की मांग की। साथ ही जेल में शिविर लगाकर सभी बंदियों के नेत्रों ेकी जांच कराने की मांग की।
बृहस्पतिवार को क्षेत्र के ग्राम अब्दुलपुर स्थित जिला जेल में जिला जज उपेंद्र कुमार, जिलाधिकारी ऋषिरेंद्र कुमार एवं पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह जेल का औचक निरीक्षण करने शाम करीब चार बजे पहुंचे। वहां उन्होंने जेल की पुरुष बंदी बैरक, महिला बंदी बैरक के बाद बंदियों के मेस, अस्पताल आदि का निरीक्षण किया। साथ ही बंदियों की समस्याएं भी सुनीं। इस दौरान कुछ बंदियों ने बताया जिला कारागार में जो बंदी बीमार हो जाते हैं, उन्हें उचित उपचार नहीं मिल पाता है। उपचार की सही व्यवस्था कराई जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेलर यूपी सिंह को व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ ही विचाराधीन कैदियों के चिकित्सा उपचार पर ध्यान देने को कहा। इस दौरान थाना प्रभारी एसपी सिंह समेत अनेक पुलिस कर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों की टीम जब तक जिला जेल में मौजूद रहा, तो जिला जेल से अधिकारियों में हड़कंप मचा रहा।
उल्लेखनीय है कि विगत दिनों जिला जेल में तैनात कुछ बंदी रक्षकों ने डीएम से मुलाकात करके समस्याएं हल कराने की मांग की थी। इस दौरान डीएम ने बंदी रक्षकों को समस्याएं हल कराने का भरोसा दिया था। दूसरी तरफ जिला कारागार में बंद कुछ बंदियों ने परिजनों ने डीएम और एसपी से मिलकर बंदी रक्षकों पर मारपीट करने और अवैध वसूली करने की शिकायत की थी। एक बंदी के परिजनों ने बंदीरक्षकों से जान का खतरा बताया था।
विधिक सेवा प्राधिकरण से बंदी ने की शिकायत
बागपत। जिला कारागार में बंद बंदी भगवान सिंह पुत्र खेत पाल सिंह ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को पत्र के माध्यम समस्या बताई। बंदी का कहना है कि सीएमओ और छपरौली सीएचसी अधीक्षक से कई बिंदुओं पर सूचना मांगी। उन्होंने अभी तक नहीं दी है। यदि उन्हें सूचना मिल जाती है तो वह खुद को निर्दोष साबित कर सकेंगे।