पीलीभीत। एक बार फिर पुलिस अधिकारियों की ओर से सट्टा कारोबारियों पर शिकंजा कसने का दावा किया गया है। दो महीने से फरार चल रहे सट्टा किंग की गिरफ्तारी के लिए सीओ सिटी ने सदर कोतवाल को टीम बनाकर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा कई और बड़े सटोरियों की भी धरपकड़ को कहा है। सट्टा कारोबारियों से कुछ पुलिस कर्मियों की मिलीभगत की शिकायतें सामने आने पर सीओ ने कड़ी नाराजगी जताई है।
बता दें कि एसपी कलानिधि के निर्देश पर थाना स्तर से सटोरियों की धरपकड़ कराई जा रही है। अफसर भले थानावार हो रही धरपकड़ से संतुष्ट हो, लेकिन सच यह भी है कि बड़े कारोबारियों के बजाए छिटपुट सटोरियों को पकड़कर अभिलेख दुरुस्त करने का सिलसिला इस बार भी जारी है। एक दिन पहले न्यूरिया में की गई तीन सटोरियों की गिरफ्तारी के बाद भी सरगना के न पकड़े जाने पर पुलिस के गुडवर्क पर सवाल खड़े हुए। इधर दो माह से पुलिस नामचीन सट्टा किंग पप्पू टेलर को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। यही नहीं उसको पकड़ने के लिए दबिश के नाम पर भी पुलिस औपचारिकता निभाती रही। उधर कोतवाली के कुछ पुलिसकर्मियों पर सटोरियों से साठगांठ करने की शिकायतें सामने आई। जिसको संज्ञान में लेकर सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल ने सख्त रुख अपनाया है। सीओ ने सदर कोतवाली पहुंचकर पूर्व में दर्ज किए गए सट्टा किंग पर मुकदमे की प्रगति को जाना। इसमें सट्टा किंग के अलावा एक अन्य आरोपी का भी फरार होना पाया गया। जिसको लेकर सीओ ने सदर कोतवाल एसके सिंह को गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। सीओ सिटी ने बताया कि सट्टा कारोबारियों की धरपकड़ करने के लिए थाना प्रभारियों को सख्त दिशा निर्देश दिए गए हैं। इसमें लापरवाही और साठगांठ पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी पर भी कार्रवाई की जाएगी।