खेकड़ा (बागपत)।
क्षेत्र के बड़ागांव में मार्ग पर खड़ी कार हटाने को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट में एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए। घायलों ने खेकड़ा थाने में हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी।
रविवार को सुबह करीब दस बजे भजनपुरा दिल्ली निवासी जिनेश जैन अपने पुत्र पुनीत जैन, रोहित जैन, मोहित जैन एवं अपनी पत्नी के साथ कार में सवार होकर क्षेत्र के बड़ागांव स्थित अतिशय क्षेत्र जैन मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। जब वह अपनी कार को खड़ी कर अंदर जाने लगे तभी पीछे से कार में सवार होकर पहुंच कुछ युवकों ने उन्हें मार्ग से कार हटाने को कहा। आरोप है कि उक्त युवकों ने श्रद्धालुओं के परिवार के साथ गाली गलौच एवं मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में दिल्ली से दर्शन करने आए श्रद्धालु परिवार के सभी लोग घायल हो गए। साथ ही हमलावरों ने श्रद्धालुओं की कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही हमलावर भाग गए।
घायलों ने खेकड़ा थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मारपीट करने एवं कार क्षतिग्रस्त करने की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। पुलिस ने सभी घायलों का सीएचसी में इलाज कराया। पुलिस घटना की जांच पड़ताल करने में जुटी है। जैन श्रद्धालुओं पर हुए हमले को लेकर जैन समाज के लोगों में कड़ा आक्रोश है।