खेकड़ा (बागपत)।
दिल्ली सहारनपुर हाइवे से गुजरने वाले ईंटों से लदे ट्रकों और ट्रैक्टर ट्राली से वाहन यूनियन के नाम पर वसूली करने पहुंचे कुछ लोगों को चालकों और हेल्परों ने भगा दिया। साथ ही चालकों ने यूनियन के नाम पर वाहनों को ओवरलोड बताकर अवैध वसूली करने वाले लोगों की शिकायत पुलिस से भी की। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को निपटाया।
दिल्ली सहारनपुर हाइवे से गुजरने वाले ईंटों से लदे ट्रकों एवं ट्रैक्टर ट्रालियों को ओवरलोड बताकर बृहस्पतिवार को दोपहर करीब एक बजे खेकड़ा तहसील के समीप गाड़ियों में सवार होकर कुछ लोग पहुंचे। वहां उन्होंने अपने आप को ट्रक यूनियन के सदस्य बताकर ईंटों से लदे ट्रकों और ट्रैक्टर ट्रालियों के चालकों से अवैध वसूली शुरू कर दी। इस दौरान हाइवे पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। उन्होंने वाहन चालकों को कहा कि एआरटीओ साहब चेकिंग कर रहे हैं। वहां पर आकर रुके वाहन चालकों से उन्होंने वाहनों को ओवरलोड बताकर रुपये मांगे। इसके चलते चालक उन्हें भांप गए और चालकों और हेल्परों ने रुपये देने से मना कर विरोध किया। हंगामे की सूचना मिलने के चलते पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर वसूली के नाम पर रोब गालिब करने वाले लोग कारों में बैठकर मौके से भाग गए।