घुंघचाई। सड़क निर्माण के नाम पर कब्रिस्तान की जेसीबी से खुदाई करने पर आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज ने आक्रोशित लोगों को शांत कर कब्रिस्तान की पैमाइश को अफसरों से मिलने की जानकारी दी।
पूरनपुर से मैगलगंज हाईवे निर्माणाधीन है। गांव में बाजार परिसर के समीप सड़क किनारे जेसीबी मशीन से शनिवार रात को खुदाई की गई। रविवार सुबह कब्रिस्तान की भूमि पर खुदाई का आरोप लगाते हुए एकत्र हुए लोगों ने रोष व्यक्त कर सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना पर चौकी इंचार्ज मेराज अली पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने चौकी इंचार्ज को बताया कि पहले भी कब्रिस्तान की भूमि बताते हुए सड़क निर्माण के ठेकेदार के कर्मचारियों को पैमाइश न होने तक भूमि न खोदने की चेतावनी दी गई थी। इसके बाद भी रात को कब्रिस्तान की भूमि की खुदाई कर दी गई। इसे बर्दास्त नहीं किया जा सकता। चौकी इंचार्ज ने खुदाई कर रहे लोगों को खुदाई रोक देने की चेतावनी दी। आक्रोश व्यक्त करने वालों में जमीर आलम, मुमताज खां, जगीर खां, जीशान, अतीक अहमद, मकसूद अली, शकील, मोहम्मद यासीन, साबिर, अलीजान आदि थे।