पीलीभीत। मरौरी ब्लाक के कर्मचारी के बैंक खाते से रहस्यमय ढंग से साढ़े आठ हजार रुपये की रकम निकाल ली गई। खास बात रही कि उनके पास न तो कोई कॉल आई, न ही खाते से जुड़ी कहीं बातचीत की गई। अचानक खाते से रकम निकलने का मैसेज मोबाइल पहुुंच गया। पीड़ित ने घटना की तहरीर कोतवाली पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है।
मरौरी ब्लाक में सहायक तकनीक प्रबंधक महेश कुमार वर्मा पुत्र दीनदयाल ने बताया कि उनका खाता पंजाब नेशनल बैंक की पीलीभीत शाखा में है। शुक्रवार देर शाम वह परिवारीजनों संग बैठे हुए थे। इस बीच उनके मोबाइल पर खाते से साढ़े आठ हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज मिला। जिसे देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने बताया कि खाते से जुड़ी जानकारी करने के लिए उनके पास कोई कॉल भी नहीं आई। इसके बावजूद रुपये निकाल लिए गए। इसकी जानकारी करने के लिए उन्होंने बैंक के टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई और शनिवार को कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।