गांव बबूरा में बस से कुचलकर हुई बाइक सवार युवक की मौत की घटना के 72 घंटे गुजर जाने के बाद भी चालक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा। चालक के गिरफ्तार न होने की वजह से मृतक के परिवारीजनों में आक्रोश है।
निगोही क्षेत्र के गांव पड़सरा से बारातियों को बैठाकर वापस पूरनपुर के गांव रंपुरा जा रही बस संख्या यूपी 21 जी 9598 ने बमरोली-बिलसंडा मार्ग के मध्य स्थित गांव बबूरा तिराहे पर गांव मीरपुर हर्रायपुर निवासी बाइक सवार मुकुट बिहारी के पुत्र विश्वनाथ को शनिवार की दोपहर करीब 12 बजे टक्कर मार दी थी, जिससे युवक की मौत हो गई थी। इस घटना से गुस्साई भीड़ ने बस में न केवल तोड़ फोड़ के साथ बस पलट दी थी तथा आग लगाने की भी कोशिश की थी। बस में रखा दहेज का सामान भी खुर्दबुर्द कर दिया था। पुलिस ने मृतक के चाचा की ओर से अज्ञात बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी, लेकिन घटना के करीब 72 घंटे गुजर जाने के बाद भी पुलिस चालक को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। यही नहीं तोड़फोड़ करने के आरोप में करीब ढाई सौ लोगों के खिलाफ दर्ज बलवे की रिपोर्ट में भी पुलिस ने अभी तक किसी की भी गिरफ्तारी नहीं की है। एसओ राजेश यादव ने बताया कि प्रयास किया जा रहा है। शीघ्र ही चालक पुलिस की गिरफ्त में होगा।