कोतवाली क्षेत्र के गांव हीरापुर दुही में ग्राम पंचायत की जमीन पर अवैध कब्जा करने आए भूमाफिया ने विरोध करने वाले ग्राम प्रधान से गाली गलौज किया और भयभीत करने के लिए हवाई फायरिंग की। सीओ ने इस मामले की सुनवाई 17 नवंबर को थाना दिवस में लगाई है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव हीरापुरदुही के प्रधान नरेश चंद्र ने बताया कि उनकी ग्राम पंचायत की 16 एकड़ जमीन पर पिछले कई दशकों से पड़ोसी गांव पटनिया के कुछ भू-माफिया अवैध कब्जा किए हुए हैं। इस बार नरेश चंद्र ने उन दबंगों को जमीन पर कब्जा करने से रोक दिया था। आरोप है कि दबंगों ने नौ नवंबर को दोपहर 11 बजे एक राय होकर आए और उन्होंने ग्राम पंचायत की उस जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया। जानकारी होने पर ग्राम प्रधान मौके पर पहुंच गए और उन्होंने ने विरोध जताया। आरोप है कि दबंगों ने ग्राम प्रधान से गाली गलौज किया, उन पर हमलावर हुए, भयभीत करने के लिए पांच फायर किए और जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। ग्राम प्रधान ने उसी दिन चुर्रासकतपुर पुलिस चौकी को सूचना दी। आरोप है कि चुर्रा पुलिस ने दबंगों से दुरभि संधि कर उन दबंगों को 10 नवंबर को जमीन पर कब्जा करवा दिया। दबंगों ने पुलिस की मदद से जमीन को जोत दिया और उस पर गेहूं भी बो दिया है। ग्राम प्रधान ने 10 नवंबर की शाम को सीओ प्रवीन मलिक को इस संबंध में प्रार्थना पत्र दिया है। प्रार्थना पत्र में गांव पटनिया के सभी 14 आरोपियों को नामजद किया गया है। प्रार्थना पत्र के अनुसार भूमाफिया लाठी, डंडों, फरसों, बांकों, नाजायज बंदूकों और रायफलों से लैस थे व ट्रैक्टर पर सवार होकर आए थे। इस बाबत सीओ प्रवीन मलिक ने बताया कि 17 नवंबर को कोतवाली में आयोजित होने वाले थाना दिवस में दोनों पक्षों को बुलाकर इस मामले की सुनवाई की जाएगी।