पीलीभीत। जिला कारागार से कचहरी पेशी पर ले जाए गए बंदियों में से कुछ गाली गलौज के बाद आपस में भिड़ गए। दोनों ओर से मारपीट की गई। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने बीच बचाव कराने की कोशिश की तो उनसे भी अभद्रता की गई। हालांकि बाद में सख्ती कर उन पर काबू किया जा सका। कोतवाली में हेड कांस्टेबल की ओर से छह नामजद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
हेड कांस्टेबल भगवान दास ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 27 फरवरी को उनकी कचहरी परिसर में हवालात ड्यूटी थी। जिला कारागार से 73 बंदी पेशी पर लाए गए थे। चेकिंग करने के साथ ही बंदियों को एक-एक कर पेशी पर ले जाया जा रहा था। शाम को एक पक्ष से बंदी इमरान, शकील, कल्लू और दूसरे पक्ष से बजीरगंज बदायूं निवासी अनूप सिंह, उमेश यादव, उझानी निवासी मुकेश सक्सेना के बीच गाली गलौज के बाद मारपीट हो गई। शोर पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने बीच बचाव कराने की कोशिश की। इस पर दोनों पक्ष पुलिस कर्मियों से भिड़ना शुरू हो गए। पुलिसकर्मियों से भी गाली गलौज कर दी। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल के पहुुंचने पर सभी को काबू किया गया। सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल ने बताया कि हेड कांस्टेबल की ओर से सभी छह आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने, और गाली गलौज व धमकाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। सभी पहले से जिला कारागार में बंद है। उनका अब बी वारंट लिया जाएगा।