छोटा खुदागंज में दो पक्षों
में मारपीट, छह घायल
दोनों पक्षों ने दी तहरीर, क्रास रिपोर्ट दर्ज, कराया मेडिकल
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत।
पुराने विवाद को लेकर मोहल्ला छोटा खुदागंज निवासी हसीन बानो और रियाज बानो के परिवार वालों के बीच सोमवार सुबह सात बजे पहले कहासुनी हुई। इसके बाद दोनों ओर से एकत्र लोगों ने एक दूसरे पर हमला कर मारपीट की। मारपीट में छह लोग घायल हो गए। सोमवार रात दोनों पक्षों की तहरीर मिलने पर कोतवाली पुलिस ने क्रास रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस को दी तहरीर में रियाज बानो पत्नी इरशाद ने बताया कि उनकी बेटी रिफा(15) सोमवार सुबह सात बजे घर की साफ -सफाई कर कूड़ा डालने के लिए सड़क पर पहुंची। इस पर पड़ोस के निवासी मुमताज ने गाली गलौज शुरू कर दी। इसका विरोध करने पर आरोपी रिफा से मारपीट करने लगे। चीख पुकार सुनकर परिवार वाले मौके पर पहुंचे तो उनसे भी मारपीट की गई। इसमें उनका भांजा तहसीम, रियाज बानो घायल हो गए। आसपास के लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी धमकी देकर चले गए। उधर दूसरे पक्ष से हसीन बानो ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रियाज बानो के परिवार वाले उनको मोहल्ले से भगाने के लिए आए दिन मारपीट करते है। सोमवार सुबह आठ बजे उनके मकान के आगे आरोपियों ने अपनी बाइक खड़ी कर दी। बाइक हटाने को कहते ही आरोपियों ने हमला कर दिया। लाठी डंडे लेकर आरोपियों ने मारपीट की, जिसमें उनके अलावा परिवार के भूरा, बादशाह को काफी चोटें आईं। दोनों पक्षों ने एक दूसरे से जान को खतरा जताया है। कार्यवाहक कोतवाल राजकुमार भारद्वाज ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच पुराना विवाद है। बच्चों के बीच हुई कहासुनी के बाद दोनों झगड़ गए हैं। तहरीर के आधार पर क्रास रिपोर्ट दर्ज की गई है।