बराही रेंज के मूसेपुर में है जमीन पर कब्जा
पीलीभीत। बराही रेंज के मूसेपुर गांव में वन विभाग की जमीन पर काबिज 10 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद विभाग अब उन्हें वन माफिया घोषित करने की तैयारी में है। इसके लिए डीएफओ ने पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजा है।
माधोटांडा थाना क्षेत्र का मूसेपुर बराही रेंज से सटा है। इस गांव के कई लोगों ने वन विभाग की जमीन पर कब्जा कर रखा है। करीब आठ दिन पूर्व वन दरोगा मोहम्मद आरिफ की ओर से मूसेपुर निवासी 10 लोगों क्रमश: हरीदास, गुरसेवक, अर्जुन, श्यामलाल, डालचंद्र, सुखराम प्रथम, सुखराम द्वितीय, बिरजू, जगसपाल और जगदीश के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। साथ ही विभागीय केस भी काटकर रेंजर के माध्यम से रिपोर्ट डीएफओ को भेजी गई थी। अब डीएफओ ने कब्जेदारों को वन माफिया घोषित करने की तैयारी शुरू कर दी है। रेंजर के माध्यम से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर इन सबको वन माफिया घोषित कराने लिए डीएफओ के स्तर से एसपी को पत्र भेजा गया है। डीएफओ कैलाश प्रकाश ने बताया कि वन विभाग की भूमि पर काबिज लोगों को चिह्नित कर पहले नोटिस जारी किए गए थे लेकिन जमीन खाली न करने पर एफआईआर दर्ज कराई गई। अब इन सबको वन माफिया घोषित करने की तैयारी चल रही है।
पहले भी घोषित हो चुके हैं वन माफिया
वन विभाग इससे पूर्व भी तीन वन अपराधियों को वन माफिया घोषित करा चुका है। सितंबर माह में मैनाकोट निवासी कंहैयालाल, राकेश और श्याम बिहारी को जमीन कब्जे के मामले में वन माफिया घोषित कराया था।