03 पीबीटीपी 8,9,10
आंधी से टूटकर गिरा पेड़, दबकर गई मजदूर की जान
नवदिया-पिपरिया संतोष मार्ग पर हुआ हादसा
कलीनगर से दवा लेकर साइकिल से लौट रहे थे साबिर
अमर उजाला ब्यूरो
जमुनिया/माधोटांडा।
नवदिया-पिपरिया संतोष मार्ग पर बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे आंधी में टूटकर गिरे पेड़ से दबकर 45 वर्षीय मजदूर साबिर शाह उर्फ छोटे की मौत हो गई। रात भर मजदूर पेड़ से दबा मौके पर ही पड़ा रहा। बृहस्पतिवार सुबह परिवार के लोग बाग की रखवाली के लिए निकले तो शव देख होश उड़ गए। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची माधोटांडा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
माधोटांडा थाना क्षेत्र के गांव पिपरिया संतोष निवासी साबिर शाह मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते थे। बुधवार शाम को वह अपनी दवा लेने के लिए कलीनगर गए थे। शाम करीब साढ़े सात बजे साइकिल से दवा लेकर घर लौट रहे थे कि आंधी आ गई। नवदिया-पिपरिया संतोष मार्ग पर पहुंचने पर उनपर एक पेड़ गिर पड़ा। जिसमें दबकर मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। इधर, परिजन हादसे से अंजान रहे। रात भर मजदूर का शव मौके पर ही पेड़ से दबा पड़ा रहा। दूसरे दिन बृहस्पतिवार सुबह भतीजा आरिफ बाग की रखवाली के लिए जा रहा था। इस बीच रास्ते में गिरे पेड़ के नीचे चाचा साबिर का शव पड़ा देख उसके होश उड़ गए। कुछ ही देर में परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
000
परिवार में मचा कोहराम
हादसे के बाद से मृतक के परिवार में चीख पुकार मची हुई है। पत्नी तनीज बेगम का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पांच बच्चे नाजिर (21), नाजरीन (19), सबीना (17), आदिल (16), परवेज (14) है। इसमें नाजरीन की शादी हो चुकी है। बकाया सभी अविवाहित है।
000
एसडीएम ने दिलाया मदद का भरोसा
बृहस्पतिवार को एसडीएम कलीनगर पुष्पा देवरार, तहसीलदार विवेक मिश्रा ने गांव पहुंचकर मृतक के परिजनों से बातचीत कर उनको ढांढस बंधाया। एसडीएम ने कहा कि मृतक के परिजनों को कृषक दुर्घटना बीमा के तहत पांच लाख, दैवीय आपदा दुर्घटना बीमा के तहत चार लाख रुपये की आर्थिक मदद मुहैया कराई जाएगी। इसके अलावा 30 हजार रुपये पारिवारिक लाभ योजना के तहत पात्र होने की स्थिति में दिलाया जा सकता है।