पीलीभीत। जिला अस्पताल गेट पर स्वास्थ्य कर्मचारियों की पिटाई मामले के साथ ही अन्य स्थानों पर हुई मारपीट की घटनाओं में सार्वजनिक तौर पर शराब पिलाए जाने की बात सामने आते ही एसपी सख्त हुए हैं। उन्होंने खुलेआम जाम छलकाने वालों पर सख्ती करने के निर्देश सर्किल व थाना प्रभारियों को दिए हैं। शहर की सड़कें शाम होते ही बार का रूप धारण कर लेती है। ठेले, होटल-ढाबों से लेकर सड़क किनारे बाइक खड़ी कर युवा शराब का सेवन करते है। इस दौरान राहगीरों के विरोध पर झगड़ा फसाद किया जाता है। रेलवे स्टेशन चौराहा, रोडवेज, छतरी चौराहा, असम हाईवे समेत कई इलाकों में दिन भर नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है। एसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि अधिकारियों की मौजूदगी में अभियान चलाकर छापामारी कराई जाएगी। जो भी खुलेआम शराब पीता मिलेगा उसका मेडिकल कराकर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। इसमें कोई सिफारिश या रियायत नहीं बरती जाएगी। अगर पुलिस की कमी सामने आई तो संबंधित पुलिसकर्मी पर भी कार्रवाई तय है।
0 बीयर शॉप पर लगी भीड़ छांटना चुनौती
बीते साल तत्कालीन एसपी मुनिराज जी ने शराब की दुकानों के लिए सख्त निर्देश जारी किए थे कि वहां शराब के अलावा नमकीन आदि सामान नहीं बेचा जाए। ताकि शराब की दुकान पर ही खड़े होकर पीने वालों की संख्या में कमी आए। पर इस निर्देश का पालन नहीं किया गया। अब एसपी कलानिधि नैथानी
का मन कार्रवाई का है, तो उन्हें सबसे पहले दुकान के सामने खड़े होकर पीने वालों पर सख्ती दिखानी होगी।