खेकड़ा (बागपत)।
ग्राम नया सुभानपुर में चोरों ने एक मकान का ताला तोड़कर दो भैंस चोरी कीं। भैंस चोरी होने का पता लगने पर भैंस मालिक ने जब पशु चोरों का पीछा किया तो चोरों ने भैंस मालिक पर टैंपू में रखे ईट पत्थर बरसा दिए। डूंडाहेड़ा पुलिस चौकी पर पुलिस को सूचना देने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इससे ग्रामीणों में पुलिस के खिलाफ आक्रोश है।
क्षेत्र के ग्राम नया सुभानपुर में सोमवार की रात्रि में करीब तीन बजे पशु चोर गांव में ग्रामीण नवीन त्यागी पुत्र श्योराज त्यागी के मकान में पहुंचे और मकान के गेट का ताला तोड़कर वहां बंधी करीब एक लाख रुपये से अधिक कीमत की दो भैंस चोरी कर ली और टैंपू में लादकर ले जाने लगे। मकान में बंधे अन्य पशुओं की आवाज सुनकर मकान मालिक जाग गया और उठकर देखा तो मकान का गेट खुला था और दो भैंस कम दिखाई दी। मकान मालिक ने जब बाहर मार्ग पर जाकर देखा तो एक टैंपू खड़ा दिखाई दिया। इसमें चोरी की दोनों भैंस लदी थी।
मकान मालिक ने शोर मचा दिया। ग्रामीण का शोर सुनकर परिजन एवं आसपास के लोग भी जाग गए और टैंपू की तरफ दौड़े । ग्रामीणों को अपनी तरफ आता देखकर चोरों ने टैंपू में रखे ईट और पत्थर ग्रामीणों पर बरसाने शुरू कर दिए। पथराव होता देखकर ग्रामीणों ने इधर उधर दौड़कर जान बचाई। इसी बीच पशु चोर टैंपू को लेकर भाग गए। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी डूंडाहेड़ा पुलिस चौकी में दी, लेकिन पुलिस ने कोई ध्यान नहीं दिया। जब ग्रामीणों ने पुलिस चौकी पर पहुंचे तो वहां पुलिस कर्मी सो रहे थे। पीड़ित पशु मालिक मंगलवार को खेकड़ा थाने पहुंचा और मकान का ताला तोड़कर दो भैंस चोरी होनी की तहरीर दी।