बिलसंडा/पीलीभीत। व्यापारी गौरांग की सड़क किनारे लाश मिलने के बाद से परिवारीजनों की ओर से लगाए जा रहे हत्या के कयास सही साबित हुए। उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर स्थिति स्पष्ट होने पर पुलिस छानबीन में जुट गई है।
मंगलवार सुबह बिलसंडा क्षेत्र के ग्राम कलिया के पास सड़क किनारे एक 26 वर्षीय अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला था। दूसरे दिन पुलिस ने शव की शिनाख्त कस्बा बिलसंडा निवासी बटन व्यापारी गौरांग उर्फ अजय जायसवाल के रूप में की थी। परिवार के लोगों ने क्षेत्र की एक महिला से प्रेम प्रसंग की बात कहते हुए उसी में हत्या की आशंका जताई थी। इधर पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही थी। बृहस्पतिवार को पीएम रिपोर्ट सामने आने पर गौरांग की हत्या की पुष्टि हो गई है। रिपोर्ट के अनुसार व्यापारी की गला दबाकर हत्या की गई है। उकसे शरीर पर कुछ चोट के निशान में मिले है। जिसको लेकर मामला सीधे तौर पर हत्या का निकलकर सामने आ गया है। एसओ चंद्र प्रकाश शुक्ला ने बताया कि हत्या की पुष्टि होने पर छानबीन शुरू करा दी गई है। परिवार से पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों पर भी जांच कर रहे है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। पुलिस गंभीरता से कार्रवाई में जुटी है।