08 पीबीटीपी 10
मामूली विवाद में किसान की हत्या, एक गिरफ्तार
बेटे की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट, दलित उत्पीड़न की धारा भी लगाई
दूसरे पक्ष ने भी मृतक के बेटों पर दर्ज कराई एनसीआर
बरखेड़ा क्षेत्र के सेंमरगौंटिया गांव की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
बरखेड़ा/पीलीभीत। गालीगलौज से शुरू हुए विवाद में सेमर गौंटिया गांव निवासी 58 वर्षीय किसान तुलसीराम पर लाठी और बांके से इस कदर हमला किया गया कि जिला अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। बरखेड़ा पुलिस ने बेटे से मिली तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दूसरे पक्ष ने भी मारपीट का आरोप लगाते हुए एनसीआर दर्ज कराई है, पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पीड़ित पक्ष दलित वर्ग से जुड़ा है लिहाजा आरोप के आधार पर दलित उत्पीड़न की धाराएं भी शामिल की गई हैं।
पीड़ित परिवार के मुताबिक तुलसीराम के मकान के पास रहने वाले मदनलाल, राजू और भूरा शुक्रवार रात साढ़े साठ बजे नशे की हालत मेें घर के बाहर आकर गालीगलौज करने लगे। किसान के घर के बाहर लगी पन्नी को भी फाड़कर फेंक दिया। हंगामा बढ़ने पर तुलसीराम ने विरोध जताना शुरू कर दिया तो आरोपियों ने हमला बोल दिया। लाठी-डंडे व बांका लेकर घर में घुस गए और मारपीट शुरू कर दी। इसमें तुलसीराम सिर में चोट लगने से लहूलुहान हो गए। चीखपुकार सुनकर जब परिवारवालों ने बीचबचाव का प्रयास किया तो उनकी भी पिटाई कर दी गई। आसपास के लोगों के जमा होने पर आरोपी धमकी देकर भाग गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में थाना व यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंची। आननफानन में घायल तुलसीराम को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। जहां देर रात उनकी मौत हो गई। शनिवार को पुलिस ने मृतक के बेटे कोमिल प्रसाद से मिली तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ घर में घुसकर हत्या, एससीएसटी एक्ट की रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, दूसरे पक्ष से मदनलाल से मिली तहरीर पर मृतक के बेटे कोमिल प्रसाद, शिवचरन के खिलाफ भी मारपीट की एनसीआर दर्ज की गई है।
000
घर के बाहर की जगह पर सामान रखने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। मृतक के परिवारीजनों ने आरोपी पक्ष के रखे इंजन को हटाने को कहा तो दूसरे पक्ष ने घर के बाहर लगाई गई पन्नी फाड़ दी। इसी में गालीगलौज के बाद मारपीट हो गई। मृतक के बेटे की तरफ से हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी मदनलाल को गिरफ्तार किया गया है। दूसरे पक्ष की एनसीआर दर्ज है।- राजकुमार भारद्वाज, थानाध्यक्ष बरखेड़ा