पूरनपुर। गांव धरमंगदपुर निवासी भाजपा नेता शिवराम और उनके दोस्त अतुल श्रीवास्तव की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसमें गांव धरमंगदपुर के प्रधान समेत चार लोग नामजद हैं। चारों हत्यारोपी अभी जेल में हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की है।
इंस्पेक्टर केशव कुमार तिवारी की ओर से हत्यारोपी गांव धरमंगदपुर निवासी प्रधान वसीउल्ला, उसके भाई मसीउल्ला, चुन्नन खां और शरीफ के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। भाजपा नेता शिवराम और उनके दोस्त अतुल श्रीवास्तव आठ जनवरी को बाइक से अपराह्न साढ़े तीन बजे पूरनपुर से घर लौट रहे थे। पूरनपुर-माधोटांडा मार्ग पर नगर से करीब दो किलोमीटर दूर दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। शिवराम के चाचा राजेंद्र सिंह की ओर से कोतवाली पुलिस ने ग्राम प्रधान वसीउल्ला खां, उसके भाई मसीउल्ला खां, गांव निवासी चुन्नन खां, शरीफ उर्फ गुड्डू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। जांच के बाद विवेचक ने चारों के खिलाफ पिछले दिनों आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल किया था। अब कोतवाली पोलिस ने इंस्पेक्टर केशव कुमार तिवारी की ओर से चारों के खिलाफ गैंगस्टर की रिपोर्ट दर्ज की है।
जेल में बंद चारों हत्यारोपियों का गैंग है। गैंग के सदस्य आर्थिक, भौतिक लाभ के लिए गरीबों, अनुसूचित जाति के लोगों के साथ मारपीट करते हैं। हत्या करना गैंग के सदस्यों की आदत में शुमार है। दहशत के चलते आरोपियों के खिलाफ कोई गवाही देने तक का साहस नहीं कर पाता। लिहाजा चारों के खिलाफ गैंगस्टर की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
- केशव कुमार तिवारी, इंस्पेक्टर पूरनपुर