सूचना देने के दो घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड, ग्रामीणों ने बुझाई आग
रीपर से आग लगने के शक में पुलिस ने चालक को हिरासत में
कलीनगर कस्बे के निकट अचानक लगी आग में करीब 20 एकड़ खेत में खड़ी गेहूं की फसल जल गई। सूचना देने के करीब दो घंटे बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। इस बीच ग्रामीणों ने मशक्कत कर आग बुझाई।
बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे कलीनगर कस्बे के पश्चिम में मोटे महादेव स्थल के निकट एक खेत में गेहूं कटने के बाद रीपर से भूसा बनाया जा रहा था। रीपर से निकली चिंगारी से खेत में खड़ी नरई में आग लग गई। तेज हवा चलने से आग तेजी से फैलकर पड़ोस के खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को चपेट में ले लिया। इस बीच रीपर के साथ जुड़ी भूसे की ट्राली भी जलने लगी। आग की लपटें उठती देख आसपास गांवों के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की। मगर आग बुझने के बजाय विकराल रूप लेती गई। कुछ ही देर में आग माधोटांडा-पीलीभीत मार्ग पार करके लक्ष्मीपुर के खेतों में पहुंच गई। ग्रामीणों ने फोन पर फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जो करीब दो घंटे बाद मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने मशक्कत करके आग पर काबू पाया। आग में किसान पूरनलाल, मोतीराम, रामदयाल, श्रीराम, नन्हेंलाल, संग्राम सिंह, श्याम बिहारी, सुखलाल, जानकी प्रसाद आदि का लगभग 20 एकड़ गेहूं जल गया। इसके अलावा करीब 50 एकड़ खेत में खड़ी नरई जल गई। सूचना मिलने पर राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आंकलन किया। तहसीलदार शेरबहादुर सिंह ने बताया कि आठ एकड़ गेहूूं की फसल जली है। बाकी में नरई खड़ी थी। किसानों को मुआवजा दिलाने की तैयारी की जा रही है। उधर, रीपर में हुई शार्ट सर्किट से लगी आग के शक में पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है।
शार्ट सर्किट से घर में लगी आग
मझोला। ग्राम जोशी कालोनी निवासी वीरेन वैद्य के घर बंद घर में बुधवार रात शार्ट सर्किट से आग लग गई। इससे घर में रखा बिस्तर, पकड़े, नकदी सहित हजारों का सामान नष्ट हो गया। बुधवार की वीरेन वैद्य पत्नी के साथ घर बंद कर सत्संग में गया था। रात लगभग 11 बजे शार्ट सर्किट से आग लग गई। लपटे देख पड़ोसियों ने उन्हें सूचना दी और आग पर काबू पाया।श वीरेन वैद्य ने बताया कि आग से साढ़े चार हजार रूपये की नकदी के अलावा दैनिक उपयोग का सामान, कपड़े, बिस्तर, तख्त सहित हजारों रुपये का सामान जल गया।