पीलीभीत। आवास विकास कॉलोनी के बंद मकान का ताला तोड़कर नकदी जेवरात सहित करीब 6.5 लाख का माल चोरी कर लिया। वहीं कुछ दूरी पर स्थित एक अन्य बंद घर का भी ताला तोड़ा। सूचना पर सीओ सिटी, फिंगर एक्टपर्ट टीम और डाग स्क्वाइड की टीम ने पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।
आवास विकास में आयकर कार्यालय के निकट स्थित सी ब्लाक निवासी मोहम्मद जुबैर मलिक बच्चों की दो दिन की छुट्टियां होने पर शनिवार को घर में ताला लगाकर परिवार के साथ गांव जरा मझलिया गए थे। रात को चोरों ने उनके घर पर धावा बोल दिया। मेन गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने कमरों के ताले तोड़े। इस बाद कमरे में रखी चाबियां ढूंढकर अलमारी खोल ली। चोरों ने मजदूरों के भुगतान के लिए दो दिन पूर्व बैंक से निकाले गए दो लाख रुपये चुरा लिए। इसके अलावा गृहस्वामी की पत्नी के जेवरात जिसमेें साढ़े छह तोला सोने का सेट, ढाई तोला का पैंडिल, दो तोला की चार अंगूठी और चार तोले की चार चूड़िया ले गए। सुबह घर का ताला टूटा देख मोहल्लेवालों ने उन्हें फोन से सूचना दी। इस पर जुबैर मलिक पत्नी के साथ आवास पर पहुंचे। कमरे और अलमारियां खुली होने एवं सामान बिखरा देख उन्होंने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में सीओ सिटी धर्मसिंह मार्छाल, खकरा चौकी इंचार्ज चेतराम वर्मा, ठेका चौकी इंचार्ज रहमत खां, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम और डॉग स्क्वाइड टीम मौके पर पहुंची। घटना स्थल का निरीक्षण कर टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। वहीं खोजी कुत्ता कमरे में चक्कर लगाने के बाद छत तक गया, लेकिन इसके बाद वह ज्यादा कुछ नहीं कर सका। उधर जुबैर मलिक के घर से कुछ आगे बंद पड़े विश्वजीत त्रिवेदी के घर के ताले भी चोरों ने तोड़े, लेकिन घर खाली होने के चलते कुछ नुकसान नहीं हुआ। कोतवाल एसके सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के खुलासे को टीम लगाई गई है।