बीसलपुर। कोतवाली क्षेत्र के गांव कितनापुर के एक युवक को उसके ससुरालियों ने ही जहर मिली चाय पिला दी। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। युवक ने ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दे दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव कितनापुर निवासी हरीश गंगवार ने बताया कि वह शुक्रवार को गांव उल्लिका में ससुराल गया था। हरीश ने पत्नी शकुंतला से साथ चलने को कहा। उसने बाद में आने की बात कही तो हरीश की उससे कहासुनी हो गई। आरोप है कि ससुराल के लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों को शांत करा दिया और फिर हरीश को चाय पिलाई। इसके बाद हरीश अपने घर लौटा तो उसकी हालत बिगड़ने लगी। हरीश ने शनिवार सुबह कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि ससुराल वालों ने उसे जहर मिलाकर चाय पिला दी, इससे उसकी हालत बिगड़ गई। हरीश को एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर, हरीश के ससुर मुन्नालाल ने कोतवाली मेें तहरीर देकर बताया कि हरीश ने उन लोगों को फंसाने के लिए यह नाटक किया है। पुलिस ने फिलहाल इस मामले में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। कोतवाल हरीशंकर ने बताया कि मामले की जांच की जांच की जा रही है। ब्यूरो