पीलीभीत। छोटी बहन के साथ मंदिर से पैदल घर जा रही प्राइवेट स्कूल की महिला शिक्षक पर गैस चौराहे के पास बर्फ बेचने वाले युवक ने फब्तियां कसीं। महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने थप्पड़ जड़ दिया। आसपास के लोगों के जमा होने पर वह धमकी देकर भाग गया। पीड़िता ने घर जाकर परिजनों को घटना बताई। इसके बाद भाई ने मामले की तहरीर सुनगढ़ी पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने मामला मारपीट का बताते हुए रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के एक युवक ने बताया कि उसकी 27 वर्षीय बहन शहर के एक प्राइवेट कॉलेज में टीचर है। सोमवार देर शाम वह छोटी बहन के साथ मंदिर गई थी। मंदिर से पैदल लौटते वक्त गैस चौराहे पर पहुंचते ही वहां पर बर्फ बेचने वाले एक युवक ने उस पर फब्तियां कसी। पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में इंस्पेक्टर सुनगढ़ी सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि दी गई तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी के घर का पता लगाकर पुलिस ने दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिल सका है। गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी आ चुके हैं इस तरह के मामले
शहर में इस तरह से शोहदों की दबंगई का ये कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी एक मामला खासा चर्चाओं में रहा था। शहर की एक युवती को एक शोहदा लंबे समय से परेशान कर रहा था। युवती जब अपनी बहन के साथ सुनगढ़ी क्षेत्र में स्थित एक जिम पर पहुंची तो दोपहर मेें शोहदा भी वहां आ धमका था। इसके बाद काफी देर तक उसको परेशान करता रहा। विरोध करने पर युवती को थप्पड़ जड़ दिए थे। ये पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। हालांकि पुलिस ने बाद में मामले की रिपोर्ट दर्ज की और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
इसके अलावा अभी एक माह पूर्व बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र से भी एक मामला सामने आया था। जिसमें कोचिंग पढ़कर साइकिल से घर जा रही छात्रा को रास्ते में रोक शोहदों ने फब्तियां कसी थी और विरोध करने पर मारपीट पर अमादा हो गए थे। हालांकि इस मामले में शोर पर जमा भीड़ ने आरोपियों को पकड़ लिया था। इसके अलावा भी कई अन्य मामले पूर्व में प्रकाश में आ चुके हैं।