बरखेड़ा (पीलीभीत)। एक दिन पूर्व जहानाबाद में गोकशी की घटना का शोर कम नहीं हुआ था कि अब बरखेड़ा क्षेत्र के अधकटा गांव में गन्ने के खेत में तीन गोवंशीय पशुओं अवशेष मिले। मंगलवार सुबह खेत के पास गुजर रहे कुछ ग्रामीणों ने अवशेष देखे, तो तो कुछ ही देर में पूरे गांव में गोकशी का शोर मच गया। इसकी सूचना मिलने पर काफी संख्या में ग्रामीण और हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख मनोज रस्तोगी के नेतृत्व में कार्यकर्ता इकट्ठा हो गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जिस पर सीओ बीसलपुर प्रवीण मलिक, इंस्पेक्टर बरखेड़ा एसके उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान एकत्र भीड़ ने गोकशी की बढ़ती घटनाओं को लेकर पुलिस को घेरा। नारेबाजी कर प्रदर्शन किया गया। गोकशी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई। सीओ बीसलपुर ने लोगों से बातचीत कर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद लोग शांत हुए। पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद पशु चिकित्सक को बुलाकर अवशेषों का परीक्षण कराकर दफन करा दिया। बाद में मनोज रस्तोगी की ओर से दी गई तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। सीओ बीसलपुर की अगुवाई में पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दीं। जिसके बाद दो शातिर पशु तस्करों को धर लिया गया। उनसे टीमें पूछताछ कर रही हैं।
बरखेड़ा में हुई गोकशी की घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दो तस्करों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ जारी है। कई अन्य की धरपकड़ को सीओ की अगुवाई में दबिश दी जा रही हैं। घटनाएं बढ़ने पर मंथन किया जा रहा है। अगर पुलिस की मिलीभगत या फिर लापरवाही सामने आई तो कार्रवाई तय है। - रोहित मिश्र, एएसपी