परेवा वैश्य/जहानाबाद। योगी सरकार ने भले ही गोकशी रोकने की तमाम कोशिश की हो, गो तस्करों के खिलाफ प्रशासन, पुलिस प्रशासन को सख्ती से निपटने को कहा हो, लेकिन गो तस्करी करने वालों के हौसले बुलंद हैं। सोमवार को परेवा वैश्य गांव में आम के बाग में गो हत्या करते हुए दो लोगों को पकड़ा गया। जबकि चार आरोपी भागने में कामयाब रहे। पुलिस ने मौके से 1.20 क्विंटल गोमांस और औजार बरामद किया। एक कार भी कब्जे में ली। पुलिस ने छह के खिलाफ गोवध अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पकड़े गए आरोपियों का चालान कर दिया गया है।
घटना सोमवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे की है। जहानाबाद थाने के एसआई ऋषिपाल सिंह, रोहित कुमार, कांस्टेबल सतीश कुमार, विक्रांत, जसमेंद्र कुमार गश्त पर थे। इसी बीच उनको परेवा वैश्य गांव में आम के बाग में गोकशी की सूचना मिली। इस पर टीम ने आम के बाग में छापा मारा। बाग में कुछ लोग गोमांस को पॉलिथीन में पैक करके कार में लोड कर रहे थे। पुलिस के पहुंचते ही भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर परेवा वैश्य निवासी हनीफ और अरबाज को धर दबोचा, जबकि उनके चार साथी फरीद, आशिक, मुन्ना और कालू भाग गए। मौके से पुलिस ने गोकशी से जुड़ा काफी सामान और 1.20 क्विंटल गोमांस बरामद किया। पशु चिकित्सक को बुलाकर मांस का परीक्षण कराया गया। इसके बाद तस्करों पर कानूनी कार्रवाई की गई। इंस्पेक्टर जहानाबाद कमल सिंह ने बताया कि दरोगा ऋषिपाल की ओर से छह तस्करों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। दो को जेल भेज दिया है। बाकी चार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
जहानाबाद में गोकशी की सूचना छापामारी की गई थी। दो आरोपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिए है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द कराई जाएगी। गोकशी को लेकर समस्त सर्किल और थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश हैं। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। - मनोज कुमार सोनकर, एसपी